आईसीसी ने दो तालिबानी नेताओं के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट किए सार्वजनिक

WhatsApp Channel Join Now

द हेग, 05 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) ने तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा और तालिबान के मुख्य न्यायाधीश अब्दुल हकीम हक्कानी के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट सार्वजनिक कर दिए हैं। दोनों के खिलाफ वारंट जुलाई 2025 में जारी किए गए थे, जिन्हें अब सार्वजनिक किया गया है।

आईसीसी के अनुसार, प्री-ट्रायल चैंबर-2 ने दोनों के खिलाफ वारंट जारी करते हुए उनके ऊपर मानवता के खिलाफ अपराध के तौर पर उत्पीड़न में कथित भूमिका के लिए कार्रवाई की है। आरोपों में लड़कियों/महिलाओं के साथ लैंगिक आधार पर उत्पीड़न तथा तालिबान की नीतियों से असहमति रखने वाले या महिलाओं के समर्थक माने जाने वाले लोगों का राजनीतिक आधार पर उत्पीड़न शामिल है।

अदालत के मुताबिक, संबंधित अपराध अफगानिस्तान में तालिबान के अगस्त 2021 में सत्ता में आने के बाद किए जाने का आरोप है, जो जनवरी 2025 तक जारी रहे। आईसीसी ने कहा है कि उसके पास दोनों नेताओं की कथित आपराधिक जिम्मेदारी मानने के लिए उचित आधार हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story