यमन में राष्ट्रपति भवन परिसर पर हूती विद्रोहियों का मिसाइल हमला, दो सुरक्षाकर्मियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

अदन, 15 अक्टूबर (हि.स.)। यमन के दक्षिणी शहर अदन में राष्ट्रपति भवन परिसर पर हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को मिसाइल हमला किया। इस हमले में दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। हालांकि, परिसर में मौजूद यमन के प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य सुरक्षित हैं। स्थानीय मीडिया ने यमनी सरकार के दो अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी।

यमन के सूचना मंत्री मोअम्मर अल-एरयानी ने बताया कि हूती विद्रोहियों ने माशीक राष्ट्रपति भवन परिसर पर पांच मिसाइलें दागीं। हमले के समय प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य परिसर में मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इससे पहले आसपास के क्षेत्र में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों ने दी थी।

हूती समूह की ओर से संचालित समाचार एजेंसी सबा ने एक सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि हमले का निशाना परिसर में सऊदी अधिकारियों द्वारा संचालित सैन्य अभियान मुख्यालय और हथियारों के भंडार थे।

ईरान समर्थित हूती समूह के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने भी अदन में सऊदी सैन्य अभियान मुख्यालय को निशाना बनाने की बात कही। उन्होंने इसे सऊदी अरब की सैन्य तैनाती को निशाना बनाने की समूह की घोषित नीति का हिस्सा बताया।

यमन लंबे समय से संघर्ष और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। हूती विद्रोहियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के बीच जारी संघर्ष में सऊदी अरब की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761659 Articles

Share this story