अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी बढ़ाई

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी बढ़ाई


वाशिंगटन (अमेरिका)/तेहरान (ईरान), 08 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका ने ईरान के जमीनी सप्लाई रूट्स को रोकने के लिए नई योजना की घोषणा की है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी बंदरगाहों पर महीनों से चल रही नौसैनिक नाकाबंदी को और बढ़ा दिया गया है। ईरानी मीडिया के अनुसार, केशम द्वीप, जास्क, सिरिक और बंदर अब्बास शहरों में धमाकों की आवाज सुनी गई है। हालांकि इन धमाकों का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। इस बीच सऊदी अरब और कतर ने क्षेत्रीय सुरक्षा पर बातचीत की है।

अल जजीरा और सीबीएस न्जूज की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व और क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर सऊदी विदेशमंत्री फैसल बिन फरहान अल सऊद और कतर के विदेशमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जासिम अल थानी ने शनिवार को फोन पर बातचीत के दौरान ताजा घटनाक्रम पर चर्चा की। एक्स पर सऊदी विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों मंत्रियों ने तनाव कम करने और सुरक्षा व स्थिरता बढ़ाने के लिए चल रहे प्रयासों पर भी बात की। दोनों ने एक हफ्ते में दूसरी बार फोन पर बातचीत की है।

होर्मुज में हालात बेहद नाजुक बताए जा रहे हैं। अमेरिका और ईरान एक-दूसरे के जहाजों पर हमला करने पर आमादा हैं। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, केशम, जास्क, सिरिक और बंदर अब्बास में धमाकों की आवाज सुनी गई है। हालांकि, यह नहीं कहा गया है कि यह कोई हमला है। इससे लगता है कि ईरान कोई परीक्षण कर रहा है या फिर युद्ध के एक नए दौर के लिए तैयारी का प्रदर्शन। अभी तक अमेरिका या ईरान, किसी भी पक्ष की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि इन स्थानों पर हमला हुआ है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा है कि वह ईरान के खिलाफ एक नई टास्क फोर्स बना रहा है और ईरानी बंदरगाहों पर महीनों से जारी अपनी नौसैनिक नाकाबंदी को और बढ़ा रहा है। सेंटकॉम के अनुसार, इस ऑपरेशन से तेहरान हथियारों की ढुलाई के लिए जमीनी रास्तों का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। उनका कहना है कि इस ऑपरेशन से ईरान की कमाई के रास्ते बंद हो जाएंगे। कैस्पियन सागर का उपयोग भी ईरान नहीं कर पाएगा।

सेंटकॉम का कहना है कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक कमर्शियल जहाज को निष्क्रिय कर दिया। बयान के अनुसार, जहाज के असैन्य चालक दल (क्रू) ने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया और ईरान के खिलाफ लगाए गई नौसैनिक नाकाबंदी को कई बार तोड़ने की कोशिश की। अमेरिकी सेना के एक विमान ने सेंट किट्स के झंडे वाले इस जहाज 'एम/वी हुडा' के पिछले हिस्से पर सटीक निशाना साधते हुए हमला किया। इससे जहाज निष्क्रिय हो गया।

सेंटकॉम के अनुसार, यह मालवाहक जहाज एक ईरानी बंदरगाह पर जाने के बाद क्षेत्रीय जल क्षेत्र से निकलने की कोशिश कर रहा था। सेंटकॉम ने कहा, ईरानी तटीय इलाकों या आसपास के जल क्षेत्रों से गुजरने वाले सभी नाविकों को सलाह दी जाती है कि वे अमेरिकी सेना की ओर से दी गई नाकेबंदी संबंधी चेतावनी पर ध्यान दें।

इससे पहले सेंटकॉम ने शुक्रवार को घोषणा की कि जो कोई भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम, उसकी सुविधाओं, उपकरणों या कर्मियों के बारे में जानकारी देगा उसे 20 मिलियन डॉलर तक की इनामी राशि और कहीं और बसने का विकल्प दिया जाएगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को पुष्टि की कि अमेरिका ने ईरान पर छोटे हमले किए हैं। इससे पहले, ईरान के सरकारी मीडिया ने खबर दी थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य स्थित केशम द्वीप पर मिसाइलें गिरी हैं। बताया गया है कि सेंट्रल कमांड ने 'टास्क फोर्स आयरन गेट' बनाने की भी घोषणा की है। इसका मकसद नौसैनिक नाकाबंदी की सफलता को जमीनी व्यापार मार्गों तक बढ़ाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774177 Articles

Share this story