हिज्बुल्लाह ने ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों की निंदा की

WhatsApp Channel Join Now

बेरूत, 22 जून (हि.स.)। लेबनान स्थित ईरान समर्थित सशस्त्र गुट हिज्बुल्लाह ने अमेरिका द्वारा ईरान के प्रमुख परमाणु ठिकानों पर किए गए हवाई हमलों की तीव्र निंदा की है। संगठन ने इसे “शांतिपूर्ण परमाणु प्रतिष्ठानों पर बर्बर और विश्वासघाती हमला” करार दिया।

हिज्बुल्लाह ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “यह हमला एक लापरवाह और खतरनाक उकसावे की कार्रवाई है, जो पूरे क्षेत्र में युद्ध के दायरे को और बढ़ा सकती है।” संगठन ने ईरान और उसकी नेतृत्व व्यवस्था के साथ “पूर्ण एकजुटता” व्यक्त की है।

हिज्बुल्लाह को अक्टूबर 2023 से इजराइली सैन्य अभियानों के चलते भारी नुकसान झेलना पड़ा है, जिससे उसकी सैन्य क्षमता कमजोर हुई है। इसके बावजूद, संगठन ने अमेरिका के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ईरान के साथ अपने गठजोड़ को दोहराया है।

इस बयान को पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक और गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है, जहां पहले ही इजराइल-ईरान संघर्ष के साथ अमेरिका की सैन्य भागीदारी हालात को विस्फोटक बना रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story