हूती का दावाः लाल सागर में भारतीय नाव को सऊदी ने बनाया निशाना, यमन के सशस्त्र बलों ने बचाया

WhatsApp Channel Join Now

सना (यमन), 22 अक्टूबर (हि.स.)। यमन के हूती विद्रोहियों का दावा है कि लाल सागर में 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नाव को सऊदी अरब ने निशाना बनाया, जिसके बाद यमन के सशस्त्र बलों ने अभियान चला कर इन भारतीय नागरिकों को बचाया है। हालांकि, हूती के इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है और न ही संगठन ने इसके बारे में विस्तार से बताया कि अगर भारतीय नागरिकों की नाव को निशाना बनाया गया और उन्हें बचाया गया तो इन्हें कहां ले जाया गया और उनकी हालत कैसी है।

चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क (सीजीटीएन) के मुताबिक हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि लाल सागर में जूकर द्वीप के पास भारतीय नागरिकों वाली नाव को सऊदी अरब ने निशाना बनाया। नाव पर सवार सभी 14 भारतीयों को यमन के सशस्त्र बलों ने अभियान चलाकर बचा लिया है।

हूती सैन्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने लाल सागर में बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास जुकार द्वीप के निकट एक भारतीय नाव को निशाना बनाया, जिस पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि उन्हें बचाया जा रहा है और संगठन की तरफ से आगे की जानकारी दी जाएगी।

प्रवक्ता ने कहा कि सऊदी दुश्मन की इस गैर जिम्मेदाराना हरकत से लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय नौवहन (शिपिंग) के लिए खतरा पैदा हो गया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सऊदी दुश्मन को ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकतें करने से रोकना चाहिए।

पश्चिम एशिया में भारी तनाव के बीच इससे पहले सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत और दो अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। इसके अलावा, शायबा तेल क्षेत्र में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ था।

भारत ने सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने 21 अक्तूबर को किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमलों की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा गंभीर बना दिया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story