बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी के नेताओं पर हमले जारी, गोपालगंज को बना दिया छावनी

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी के नेताओं पर हमले जारी, गोपालगंज को बना दिया छावनी


बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी के नेताओं पर हमले जारी, गोपालगंज को बना दिया छावनी


ढाका (बांग्लादेश), 22 नवंबर (हि.स.)। देश में इस समय राजनीतिक अस्थिरता, हिंसक प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति बनी हुई है। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में वापसी की घोषणा, सरकार के नकारात्मक रुख पर उनकी पार्टी अवामी लीग के विरोध प्रदर्शन के बाद कई जिलों में तनाव है। अवामी लीग पर सरकार ने प्रतिबंध लगा रखा है। शनिवार को खुलना में अवामी लीग के दो नेताओं पर हमले के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। इस बीच सरकार ने हसीना के गृह जनपद गोपालगंज को छावनी में बदल दिया है। वहां बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 26 और प्लाटून तैनात की गई हैं। इसके साथ ही जिले में तैनात कुल प्लाटूनों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।

प्रोथोम अलो, ढाका ट्रिब्यून और द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को दोपहर रूपशा उपजिला के सेनेर बाजार में और शाम को खान जहान अली था अंतर्गत फुलबारी गेट के पास अवामी लीग के नेताओं पर हमला किया गया। हमले में मो. मुनिरुज्जमान और मुक्तिजोद्धा प्रोजोनमो लीग के सदस्य 50 वर्षीय लैसुज्जमान घायल हो गए। बताया गया है कि लैसुज्जमान की हालत गंभीर है। मुनिरुज्जमान आइचगाटी यूनियन के अंतर्गत देओरा में अवामी लीग की वार्ड नंबर 5 इकाई के महासचिव हैं। वह खुलना जिला कृषक लीग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर अशरफुज्जमान बाबुल के छोटे भाई हैं। पुलिस का कहना है कि लैसुज्जमान की पिटाई के आरोप में मिराज नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश मुख्यालय शनिवार दोपहर जारी विज्ञप्ति के अनुसार गोपालगंज जिले में बीजीबी की 26 और प्लाटून तैनात की गई हैं। इसके साथ ही, जिले में तैनात कुल प्लाटूनों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है। विज्ञप्ति के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए, जिले में पहले से तैनात 29 प्लाटूनों के साथ-साथ अतिरिक्त बटालियन की तैनाती शुरू कर दी गई है। तैनात किए गए जवान स्थानीय प्रशासन और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि सामान्य स्थिति बनी रहे।

इस बीच राजधानी ढाका के केरानीगंज इलाके के तेघोरिया में शनिवार तड़के व्यवसायी और अवामी लीग के पूर्व नेता नूर आलम के घर पर हमला किया। हमलावरों ने कीमती सामान लूटा, एक गाड़ी में आग लगा दी और परिवार के दो सदस्यों को गोली मार दी। गोली लगने से नूर के पुत्र 17 वर्षीय रिपाई महमूद लियोन और उनके ससुर 70 वर्षीय हाजी आलम घायल हो गए। पुलिस ने पुष्टि की है कि हाजी आलम का इलाज फिलहाल सर सलीमुल्लाह मेडिकल कॉलेज और मिटफोर्ड अस्पताल में चल रहा है।

इससे पहले पटुआखाली में अवामी लीग के तीन पूर्व सांसदों और एक पूर्व मेयर के घरों पर हमला किया गया और उनमें तोड़फोड़ की गई। हमलावरों ने कलापारा नगर के कमारपट्टी इलाके में अवामी लीग के दिवंगत पूर्व सांसद अनवर-उल इस्लाम के घर पर हमला किया। अनाथालय (ऑर्फनेज) इलाके में कलापारा नगर पालिका के पूर्व मेयर अवामी लीग की उपजिला समिति के उपाध्यक्ष एसएम रकीबुल अहसान के घर पर ईंट के टुकड़े और पत्थर फेंके। कलापारा में पूर्व राज्यमंत्री मोहिब्बुर रहमान के आवास पर तोड़फोड़ की गई। वे अवामी लीग की जिला समिति के पूर्व उपाध्यक्ष हैं।

कलापारा थाना प्रभारी मो. नजरुल इस्लाम ने बताया कि उन्हें ऐसी घटनाओं की कोई शिकायत नहीं मिली है। इससे पहले, 19 नवंबर की रात करीब 10 बजे पटुआखाली शहर के पुरान बाजार इलाके में पूर्व सांसद लुत्फुन नेसा के घर के मुख्य गेट पर हमला किया गया और तोड़फोड़ की गई। लुत्फुन नेसा 2014 से 2018 तक 10वीं संसद में महिलाओं के लिए आरक्षित सीट से सांसद थीं। वह अवामी लीग की पटुआखाली जिला समिति के उपाध्यक्ष सुल्तान अहमद की पत्नी हैं। पटुआखाली सदर थाना प्रभारी मो. मुनिरुज्जमान ने बताया कि हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस को पूर्व सांसद के आवास पर भेजा गया। उस समय किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके बाद पुलिस लौट आई। शुक्रवार रात ब्राह्मणबरिया नगरपालिका क्षेत्र के बागानबारी इलाके में प्रतिबंधित छात्र लीग की जिला इकाई के संयुक्त सचिव मिकाइल हुसैन और नगरपालिका इकाई के अध्यक्ष सामी अहमद के घरों पर हमला किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781226 Articles

Share this story