हमास ने गाजा की प्रशासनिक समिति भंग की, नई तकनीकी समिति के गठन का रास्ता साफ

WhatsApp Channel Join Now


गाजा सिटी, 06 जुलाई (हि.स.)। फिलिस्तीनी इस्लामिक संगठन हमास ने लगभग दो दशकों से गाजा पट्टी का प्रशासन संभाल रही अपनी सरकारी समिति को भंग करने की घोषणा कर दी है। इस फैसले से गाजा के प्रशासन का कार्यभार एक नई तकनीकी नेशनल कमेटी फॉर द एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ गाजा (एनसीएजी) को सौंपने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

हमास ने 2006 के चुनावों में जीत के बाद 2007 में प्रतिद्वंद्वी संगठन फतह को हटाकर गाजा पर नियंत्रण स्थापित किया था और तब से वह वहां शासन चला रहा था।

अक्टूबर 2025 में इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम लागू होने के बाद से हमास कई बार यह संकेत दे चुका था कि वह दैनिक प्रशासन से पीछे हटने को तैयार है। हालांकि, उसके हथियार छोड़ने का मुद्दा अब भी सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है।

हमास के सरकारी मीडिया कार्यालय के प्रमुख इस्माइल अल-थवाब्ता ने बताया कि आपातकालीन सरकारी समिति के प्रमुख मोहम्मद अल-फर्रा ने आधिकारिक रूप से इस्तीफा दे दिया है और समिति को भंग कर दिया गया है, ताकि प्रशासनिक जिम्मेदारियां एनसीएजी को सौंपी जा सकें।

एनसीएजी का गठन अक्टूबर 2025 में युद्धविराम समझौते के बाद किया गया था। यह समिति फिलहाल मिस्र की राजधानी काहिरा में कार्यरत है और गाजा का प्रशासन संभालने के लिए तैयार होने का दावा कर रही है।

समिति के प्रमुख अली शाअथ ने कहा कि आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध होते ही एनसीएजी अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गाजा में एक ही प्रशासन, एक ही कानून और एक ही सशस्त्र बल होना चाहिए।

युद्धविराम के लिए गठित अंतरराष्ट्रीय बोर्ड ऑफ पीस ने भी हमास के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि गाजा में सभी हथियार एनसीएजी के नियंत्रण में होने चाहिए। उसके अनुसार व्यापक शांति योजना और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2802 का भी यही उद्देश्य है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story