जर्मनी की संसदीय सचिव कोफ्लर आज नेपाल पहुंचेंगी, भोटेकोशी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का करेंगी दौरा

WhatsApp Channel Join Now
जर्मनी की संसदीय सचिव कोफ्लर आज नेपाल पहुंचेंगी, भोटेकोशी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का करेंगी दौरा


काठमांडू, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जर्मनी के संघीय आर्थिक सहयोग एवं विकास मंत्रालय (बीएमजेड) में संसदीय राज्य सचिव बारबेल कोफ्लर बुधवार को चार दिवसीय दौरे पर काठमांडू पहुंच कर भोटेकोशी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगी।

जर्मन दूतावास के अनुसार, उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय विकास सहयोग, महिला अधिकार, स्वास्थ्य और भोटेकोशी बाढ़ के प्रभावों पर चर्चा करना है।

अपने इस दौरे में कोफ्लर नेपाल सरकार के अधिकारियों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और विकास साझेदारों से मुलाकात करेंगी। इन बैठकों में नेपाल और जर्मनी के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी। वह बाढ़ से हुए नुकसान और मानवीय सहायता एवं पुनर्वास की जरूरतों का आकलन करने के लिए नुवाकोट का भी दौरा करेंगी।

जर्मनी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 1.1 करोड़ यूरो से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई है। इस राशि में तत्काल मानवीय सहायता के साथ-साथ स्वास्थ्य और ऊर्जा बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए दीर्घकालिक सहयोग भी शामिल है।

काठमांडू में कोफ्लर जर्मन विकास सहायता से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा करेंगी। इसके अलावा, वह नेपाल की विकास संबंधी चुनौतियों, पिछले साल हुए जेन-जी विरोध प्रदर्शनों और संक्रमणकालीन न्याय के मुद्दों पर भी चर्चा करेंगी।

कोफ्लर इससे पहले वर्ष 2022 में भी नेपाल का दौरा कर चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768058 Articles

Share this story