जर्मनी को गैस आपूर्ति फिर शुरू करने पर चर्चा के लिए रूस तैयार

WhatsApp Channel Join Now
जर्मनी को गैस आपूर्ति फिर शुरू करने पर चर्चा के लिए रूस तैयार


मॉस्को, 05 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। रूस ने जर्मनी को ऊर्जा आपूर्ति दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा करने की इच्छा जताई है। रूसी विदेश मंत्रालय के आर्थिक सहयोग विभाग के निदेशक दिमित्री बिरिचेव्स्की ने रियो नोवोस्ती को यह जानकारी दी।

बिरिचेव्स्की ने कहा कि ऊर्जा आपूर्ति बहाल करने को लेकर बातचीत में रूस की ओर से कोई बाधा नहीं है। वह एक अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी की उन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिनमें रूसी अधिकारियों और जर्मनी की दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी के प्रतिनिधियों के बीच अगले साल प्रस्तावित बैठक की तैयारियों का जिक्र किया गया था। उन्होंने कहा कि ऊर्जा आपूर्ति फिर से शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा के मामले में रूसी पक्ष ने कई बार स्पष्ट किया है कि ऐसी बातचीत में कोई बाधा नहीं है।

गौरतलब है कि अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी की सह-अध्यक्ष ऐलिस वेडेल ने सितंबर में कहा था कि जर्मनी को एक बार फिर जीवाश्म ईंधन की जरूरत है। उन्होंने जर्मनी में रूसी गैस की आपूर्ति बहाल करने की भी वकालत की थी। रूस का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूरोप की ऊर्जा नीति और रूस से गैस आयात को लेकर जर्मनी में राजनीतिक बहस जारी है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story