यूक्रेन को बुनियादी सुविधाओं की मरम्मत के लिए 10 करोड़ यूरो अतिरिक्त देगा जर्मनी

WhatsApp Channel Join Now

बर्लिन, 05 नवंबर (हि.स.)। रूस के बढ़ते हमलों से क्षतिग्रस्त यूक्रेन के जल, ऊर्जा और परिवहन ढांचे को फिर से खड़ा करने के लिए जर्मनी 10 करोड़ यूरो (करीब 11.3 करोड़ डॉलर) की अतिरिक्त सहायता देने की तैयारी कर रहा है। जर्मनी के वित्त मंत्रालय के एक पत्र के अनुसार, इस राशि का इस्तेमाल यूक्रेन की बुनियादी सुविधाओं की मरम्मत और उन्हें भविष्य के हमलों से निपटने में सक्षम बनाने के लिए किया जाएगा।

यह सहायता वर्ष 2026 के बजट में यूक्रेन के लिए पहले से निर्धारित राशि के अतिरिक्त होगी। वित्त मंत्रालय ने संसद की बजट समिति को भेजे पत्र में कहा है कि गर्मियों के बाद से रूस ने यूक्रेन के महत्वपूर्ण और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इससे बड़े शहरों, परिवहन मार्गों, लॉजिस्टिक केंद्रों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है।

मंत्रालय के मुताबिक, 2026 का संघीय बजट तैयार करते समय संघर्ष की तीव्रता का इस स्तर तक बढ़ना अनुमानित नहीं था। ऐसे में अतिरिक्त सहायता की जरूरत पैदा हुई है। जर्मनी सरकार सितंबर में भी यूक्रेन की ऊर्जा जरूरतों के लिए यूक्रेन एनर्जी सपोर्ट फंड के तहत 25 करोड़ यूरो आवंटित कर चुकी है।

वित्त मंत्रालय के पत्र में कहा गया है कि रूस के 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से देश की बिजली उत्पादन क्षमता का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा नष्ट हो चुका है। अक्टूबर में हुए हमलों के कारण यूक्रेन के एक-तिहाई से अधिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। सर्दी नजदीक आने के साथ ऊर्जा ढांचे को दुरुस्त करना यूक्रेन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

प्रस्तावित सहायता से विकेंद्रीकृत बिजली उत्पादन और ऊर्जा भंडारण के उपकरण खरीदे जाएंगे। इसके अलावा जल एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था की मरम्मत, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और स्कूल भवनों को ठीक करने पर भी राशि खर्च की जाएगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773089 Articles

Share this story