लिथुआनिया में जर्मन सेना ने आत्मघाती ड्रोन और एआई तकनीक का परीक्षण शुरू किया

WhatsApp Channel Join Now


रुडनिंकाई (लिथुआनिया), 22 नवंबर (हि.स.)। जर्मनी की सेना ने लिथुआनिया में 22 नवंबर को सैन्य अभ्यास के दौरान पहली बार आत्मघाती ड्रोन का सामरिक परीक्षण शुरू किया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब जर्मनी की योजना 2027 के अंत तक लिथुआनिया में अपनी 5,000 सैनिकों वाली बख्तरबंद ब्रिगेड को स्थायी रूप से तैनात करने की है।

इन परीक्षणों को जर्मनी की सैन्य तैयारियों में अहम कदम माना जा रहा है। जर्मनी ने लंबे समय तक चली बहस और विवाद के बाद 2025 में पहली बार लोइटरिंग म्यूनिशन यानी ऐसे विस्फोटक ड्रोन खरीदने का फैसला किया था, जो हवा में कुछ समय तक मंडराने के बाद लक्ष्य की ओर बढ़कर उससे टकराते हैं और विस्फोट कर देते हैं। रूस और यूक्रेन दोनों युद्ध में इस तरह के ड्रोन का इस्तेमाल कर चुके हैं।

बेलारूस सीमा के पास स्थित रुडनिंकाई सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में जर्मन सेना प्रमुख क्रिश्चियन फ्रॉयडिंग ने जर्मन कंपनियों हेलसिंग और स्टार्क के बनाए ड्रोन का परीक्षण देखा। इन ड्रोन में निष्क्रिय वारहेड लगाए गए थे। परीक्षण के दौरान ड्रोन ने आसमान से नीचे आकर मुख्य युद्धक टैंकों को निशाना बनाया। यह अभ्यास 'फ्रीडम शील्ड' का हिस्सा था, जिसे लिथुआनिया में अब तक का सबसे बड़ा जर्मन सैन्य अभ्यास बताया गया है।

इससे कुछ दिन पहले जर्मन सैनिकों ने हेलसिंग के क्लैरिटी सॉफ्टवेयर का भी परीक्षण किया था। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित यह प्रणाली उपग्रहों, ड्रोन और अन्य सेंसरों से मिलने वाले बड़ी मात्रा में आंकड़ों का तेजी से विश्लेषण कर संभावित कार्रवाई के बारे में सुझाव दे सकती है।

लेफ्टिनेंट जनरल फ्रॉयडिंग ने दोनों तरह की प्रणालियों को आधुनिक युद्ध के लिए बेहद जरूरी बताया। उन्होंने यूक्रेन को जर्मनी की सैन्य सहायता की निगरानी भी की है। फरवरी में उन्हें जर्मनी के रक्षा प्रमुख का पद संभालना है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781621 Articles

Share this story