जर्मनी की लीपजिग यूनिवर्सिटी में इजराइली संस्थानों से शैक्षणिक संबंध समाप्त करने की मांग तेज

WhatsApp Channel Join Now

बर्लिन, 09 जून (हि.स.)। जर्मनी की लीपज़िग विश्वविद्यालय में छात्रों के एक बड़े समूह ने इजराइली विश्वविद्यालयों के साथ चल रहे शैक्षणिक सहयोग और साझेदारी को समाप्त करने की मांग उठाई है। इस मुद्दे को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक छात्र मतदान में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया।

जानकारी के अनुसार, मतदान में शामिल लगभग 700 छात्रों ने इजराइली शैक्षणिक संस्थानों के साथ विश्वविद्यालय के संबंध समाप्त करने के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त किया। इसके बाद छात्र परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से औपचारिक रूप से मांग की है कि वह इजराइल की पांच साझेदार विश्वविद्यालयों के साथ मौजूदा सहयोगी कार्यक्रमों की समीक्षा कर उन्हें समाप्त करे।

फिलिस्तीन समर्थक छात्र समूह स्टूडेंट्स फॉर पैलेस्टाइन लीपज़िग से जुड़े सदस्य ऑरलैंडो बेकर का आरोप है कि संबंधित इजराइली विश्वविद्यालय देश की सैन्य और सुरक्षा संरचना से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि इन संस्थानों में रक्षा तकनीक, हथियार प्रणालियों और निगरानी तकनीकों पर शोध किया जाता है तथा सेना से संबंधित कार्यक्रमों में भी उनकी भूमिका रहती है।

छात्र संगठनों का तर्क है कि विश्वविद्यालयों को ऐसे संस्थानों के साथ सहयोग नहीं करना चाहिए, जिनका संबंध किसी सैन्य गतिविधि या संघर्ष से जुड़ा माना जाता हो।

यह मांग ऐसे समय में सामने आई है जब गाजा संघर्ष और मध्य पूर्व की परिस्थितियों को लेकर यूरोप के कई विश्वविद्यालय परिसरों में बहस और विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। कई छात्र समूह शैक्षणिक संस्थानों से अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों की नैतिक समीक्षा करने की अपील कर रहे हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story