जर्मनी में इलाज के बाद इबोला संक्रमित अमेरिकी डॉक्टर स्वस्थ, अस्पताल से मिली छुट्टी

WhatsApp Channel Join Now

बर्लिन, 06 जून (हि.स.)। जर्मनी के बर्लिन स्थित एक प्रमुख अस्पताल में उपचार के बाद इबोला वायरस से संक्रमित एक अमेरिकी नागरिक पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज के साथ क्वारंटीन में रखे गए उसके परिवार के सदस्य भी स्वस्थ पाए गए हैं और उन्हें भी घर जाने की अनुमति दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार यह व्यक्ति अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो(डीआरसी) में एक मिशनरी संगठन के साथ सर्जन के रूप में कार्यरत था। वहां इबोला संक्रमण से जुड़े एक मरीज के संपर्क में आने के बाद वह संक्रमित हो गया था। संक्रमण की पुष्टि होने पर उसे विशेष चिकित्सा देखभाल के लिए बर्लिन लाया गया, जहां लगभग 17 दिनों तक उसका इलाज चला।

अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि भर्ती के समय मरीज में इबोला के गंभीर लक्षण दिखाई दे रहे थे, लेकिन एंटीवायरल उपचार और अन्य सहायक चिकित्सा के बाद उसकी स्थिति में लगातार सुधार हुआ। मई के अंत से उसके शरीर में वायरस का कोई संकेत नहीं मिला, जिसके बाद चिकित्सकीय निगरानी पूरी होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

स्वस्थ होने के बाद मरीज ने चिकित्सा दल और अस्पताल कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उसे उत्कृष्ट उपचार मिला। साथ ही उसने उन लोगों के प्रति चिंता जताई जो कांगो जैसे प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में इस बीमारी से जूझ रहे हैं।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अंतिम स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मरीज और उसके परिवार को पूर्णतः स्वस्थ घोषित कर दिया गया है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story