जर्मन चांसलर ने इजराइल से संयम बरतने और हिज्बुल्लाह से हथियार छोड़ने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now

बर्लिन, 02 जून (हि.स.)। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने दक्षिणी लेबनान में बढ़ते संघर्ष पर चिंता जताते हुए इजराइल से अपनी सैन्य कार्रवाई के दौरान संयम बरतने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने हिज्बुल्लाह से हथियार छोड़कर तनाव कम करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की।

मर्त्ज ने कहा कि जर्मन सरकार दक्षिणी लेबनान में लगातार बिगड़ते सुरक्षा हालात और बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। उनके अनुसार, क्षेत्र में संघर्ष का विस्तार न केवल लेबनान और इजराइल बल्कि पूरे पश्चिम एशिया की स्थिरता के लिए चुनौती बन सकता है।

जर्मन चांसलर का यह बयान ऐसे समय आया है जब इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में अपने सैन्य अभियानों का दायरा बढ़ाया है और दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।

मर्त्ज ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए सभी पक्षों को जिम्मेदार व्यवहार अपनाना होगा। उन्होंने विशेष रूप से हिजबुल्लाह से हथियार छोड़ने और संघर्ष को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया।

जर्मनी का मानना है कि मौजूदा संकट का समाधान केवल सैन्य कार्रवाई से नहीं, बल्कि राजनीतिक और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए संभव है। बर्लिन ने सभी पक्षों से संयम बरतने और व्यापक क्षेत्रीय टकराव से बचने की अपील की है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है और संघर्ष को और फैलने से रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज करने की मांग कर रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story