गाजा में अंतरराष्ट्रीय शांति सेना की तैनाती को इजराइल की मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
गाजा में अंतरराष्ट्रीय शांति सेना की तैनाती को इजराइल की मंजूरी


गाजा में अंतरराष्ट्रीय शांति सेना की तैनाती को इजराइल की मंजूरी


तेल अवीव (इजराइल), 30 नवंबर (हि.स.)। इजराइल ने गाजा में अंतरराष्ट्रीय शांति सेना तैनात करने की अनुमति दे दी है। इस बहुराष्ट्रीय सेना का मुख्य उद्देश्य हमास के हथियार खत्म करना होगा। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना को आगे बढ़ाने के लिए कई सप्ताह तक बनाए गए दबाव के बाद लिया गया है।

द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, ''सुरक्षा मंत्रिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल (आईएसएफ) को गाजा में प्रवेश की अनुमति देने का फैसला किया है। मंत्रालय के मुताबिक, इस बल का एकमात्र स्पष्ट उद्देश्य हमास को निहत्था करना है।'' इजराइल ने कहा है कि हमास के हथियार खत्म करने के उसके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।

मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और बोर्ड ऑफ पीस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इजराइल गाजा से जुड़े मुद्दों पर अमेरिका के साथ मिलकर काम करता रहेगा। इजराइल का आरोप है कि हमास शांति समझौतों का पालन नहीं कर रहा है और गाजा में शांति तथा विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है।

इजराइल का कहना है कि जब तक हमास के हथियार खत्म नहीं होते और गाजा को सैन्य गतिविधियों से मुक्त नहीं किया जाता, तब तक वहां पुनर्निर्माण का काम शुरू नहीं होगा। हालांकि, इजराइल ने यह भी कहा है कि वह आम लोगों की जरूरतों, साफ-सफाई और सर्दियों से बचाव के इंतजामों पर काम कर रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका समर्थित बोर्ड ऑफ पीस गाजा में नई व्यवस्था बनाने के लिए इजराइल से कुछ और मंजूरी चाहता है। इनमें गाजा के कुछ लोगों को पुलिस प्रशिक्षण के लिए मिस्र भेजने और फिलिस्तीनी विशेषज्ञों की एक अंतरिम सरकार को गाजा में काम करने की अनुमति देना शामिल है।

बोर्ड के एक अधिकारी का कहना है कि इन कदमों के बिना हमास को निहत्था करने की योजना आगे नहीं बढ़ सकती। उन्होंने कहा कि इजराइली सेना की वापसी और गाजा के पुनर्निर्माण का काम तभी शुरू होगा, जब पूरा इलाका हथियारों और सैन्य गतिविधियों से मुक्त हो जाएगा। इस प्रक्रिया की निगरानी और पुष्टि करने में इजराइल की भी अहम भूमिका होगी।

यह घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और बोर्ड ऑफ पीस के बीच व्हाइट हाउस में होने वाली बैठक से पहले की गई है। बैठक में गाजा शांति योजना की प्रगति और उसके सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ तालमेल बनाने की प्रक्रिया उनके देश के घरेलू राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण धीमी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब फैसलों को लागू करने में और देरी हुई तो शांति योजना का मौका हाथ से निकल सकता है।

अधिकारी ने यह भी कहा कि यदि इजराइल अपने वादों को पूरा नहीं करता है तो अमेरिका के साथ उसके संबंधों पर असर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में बोर्ड को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पास जाकर गाजा समस्या के समाधान के लिए किसी दूसरे पक्ष को जिम्मेदारी देने की मांग करनी पड़ सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने इससे पहले जुलाई में भी अंतरराष्ट्रीय बल को गाजा में प्रवेश की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में अपनी सरकार के दक्षिणपंथी मंत्रियों बेजलेल स्मोट्रिच और ओरित स्ट्रॉक के दबाव में यह मंजूरी वापस ले ली ।

इस बीच, 'बोर्ड ऑफ पीस' ने गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के नियमों में भी ढील देने की मांग की है। बोर्ड का कहना है कि सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए भी राहत सामग्री पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक आसान और उदार बनाया जाना चाहिए, ताकि गाजा के जरूरतमंद लोगों तक जरूरी मदद पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785545 Articles

Share this story