गिनी में कचरे का पहाड़ ढहा, भूस्खलन से 22 लोगों की मौत; बचाव अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now


कोनाक्री, 23 अगस्त (हि.स.)। गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के भारी बारिश के बाद एक बड़े लैंडफिल में भूस्खलन से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। हादसा दार एस सलाम इलाके में स्थित शहर के प्रमुख कचरा डंपिंग स्थल पर हुआ, जहां कचरे का विशाल ढेर ढहकर आसपास बनी झोपड़ियों पर जा गिरा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गिनी की सिविल प्रोटेक्शन सर्विस ने शुरुआती आंकड़ों में कम से कम 22 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। घटना के समय तड़के करीब तीन बजे तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण कचरे का विशाल ढेर खिसकने लगा और देखते ही देखते भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई।

कचरे के मलबे में कई झोपड़ियां दब गईं। राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादोउ बैलो ने बताया कि इस लैंडफिल को रविवार को ही बंद किया जाना था। अधिकारियों ने पहले ही आसपास रहने वाले लोगों को इलाका खाली करने के नोटिस दिए थे। इसके बाद कई परिवार अन्य स्थानों पर चले गए थे, लेकिन हादसे के समय भी बड़ी संख्या में लोग इलाके में मौजूद थे।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे गिनी के टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन एंड डिसेंट्रलाइजेशन मंत्री डिएनाबू टुरे ने कहा कि प्रशासन वहां रह रहे शेष सभी परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था करेगा।

फिलहाल, घटनास्थल पर खोज एवं बचाव अभियान जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story