भारतीय विदेश सचिव की मधेशी नेताओं के साथ मुलाकात के बाद होगी दिल्ली वापसी

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय विदेश सचिव की मधेशी नेताओं के साथ मुलाकात के बाद होगी दिल्ली वापसी


काठमांडू, 18 अगस्त (हि.स.)। दो दिनों के नेपाल दौरे पर आए भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री की राजनीतिक मुलाकातों का दौरा सोमवार को दूसरे दिन भी जारी है। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को भारत भ्रमण का औपचारिक निमंत्रण देने आए भारत के विदेश सचिव अपने दो दिवसीय यात्रा के आखिरी में आज मधेशी मोर्चा के प्रमुख नेताओं के साथ लंच मीटिंग पर मुलाकात करने वाले हैं। भारतीय विदेश सचिव की यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। काठमांडू के द्वारिका होटल में इन नेताओं के साथ मधेश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

मधेशी मोर्चा के नेताओं के साथ बैठक के बाद भारतीय विदेश सचिव दोपहर 2:30 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली लौटेंगे। इससे पहले आज सुबह ही भारतीय विदेश सचिव ने पशुपतिनाथ मंदिर में विशेष पूजा और रुद्राभिषेक किया।

मधेश केंद्रित राजनीति करने वाले प्रमुख नेता महंत ठाकुर, राजेन्द्र महतो, हृदयेश त्रिपाठी, उपेन्द्र यादव, डॉ सीके राउत और रेशम चौधरी को इस मुलाकात के लिए आमंत्रित किया गया है। इन सभी नेताओं ने संयुक्त लोकतांत्रिक मधेशी मोर्चा का गठन किया है। मधेशी मोर्चा के प्रतिनिधि सभा में 26 सांसद हैं।

मोर्चा के नेता त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय विदेश सचिव के साथ मिलकर मोर्चा को भारत के तरफ से दिए जा रहे उनके नैतिक समर्थन के लिए धन्यवाद ज्ञापन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story