फ्रांस में सी-न्यूज को बंद करने की मांग, याचिका पर 5.53 लाख लोगों ने किए हस्ताक्षर

WhatsApp Channel Join Now


पेरिस, 02 नवंबर (हि.स.)। फ्रांस के समाचार चैनल सी-न्यूज को बंद करने की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर साढ़े पांच लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इस समर्थन के बाद अब फ्रांस की नेशनल असेंबली में इस मुद्दे पर सार्वजनिक बहस का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, बहस आयोजित करने का अंतिम फैसला संबंधित संसदीय आयोग की समीक्षा के बाद ही होगा।

नेशनल असेंबली की वेबसाइट पर उपलब्ध याचिका के मुताबिक, इसे 10 जून 2026 को शुरू किया गया था। सोमवार को 14:34 जीएमटी तक इस पर 5,53,474 हस्ताक्षर दर्ज किए जा चुके थे। याचिका में सी-न्यूज को फ्रांस के प्रसारण माध्यमों से हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया गया है कि यह समाचार चैनल के बजाय ‘प्रचार का माध्यम’ बन गया है।

कंजर्वेटिव अरबपति विन्सेंट बोलोरे के स्वामित्व वाला चैनल सी-न्यूज आव्रजन और अपराध जैसे मुद्दों पर अपने सख्त रुख के लिए जाना जाता है। चैनल के आलोचकों का आरोप है कि उसकी संपादकीय दिशा दक्षिणपंथी नेशनल रैली (आरएन) पार्टी की राजनीतिक लाइन के करीब होती जा रही है। उनका यह भी कहना है कि चैनल की कवरेज से पार्टी को राजनीतिक लाभ मिल सकता है। हालांकि, इन आरोपों पर चैनल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

फ्रांस की नेशनल असेंबली के नियमों के अनुसार, किसी याचिका पर पांच लाख हस्ताक्षर होने के बाद संसद में सार्वजनिक बहस आयोजित की जा सकती है। लेकिन इसके लिए पहले एक आयोग याचिका की समीक्षा करता है और तय करता है कि इस पर बहस कराई जाए या नहीं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771374 Articles

Share this story