मैनचेस्टर में सिनेगॉग पर आतंकी हमला, फ्रांस ने जताई संवेदना

WhatsApp Channel Join Now

पेरिस/मैनचेस्टर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। ब्रिटेन के मैनचेस्टर में योम किप्पुर के अवसर पर सिनेगॉग (यहूदी उपासना स्थल) के बाहर हुए आतंकी हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस हमले के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह हमला कार चढ़ाने और चाकू से वार करने के जरिए किया गया। हमलावर को मौके पर मौजूद सशस्त्र अधिकारियों ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

इस हमले ने ब्रिटेन समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गहरी चिंता और आक्रोश पैदा किया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “फ्रांस मैनचेस्टर के सिनेगॉग में उपासकों पर हुए इस यहूदी-विरोधी आतंकी हमले से प्रभावित परिवारों, यहूदी समुदाय और ब्रिटिश जनता के साथ खड़ा है।”

मैक्रों ने आगे कहा, “योम किप्पुर के इस दिन हम दृढ़ संकल्प के साथ दोहराते हैं, यहूदी-विरोधी (एंटीसेमिटिज्म) के खिलाफ लड़ाई हमारी भी है और हम इसे बिना रुके जारी रखेंगे।”

घटना के बाद ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर ने अपनी डेनमार्क यात्रा बीच में ही छोड़ दी और समय से पहले यूके लौट रहे हैं। वे लंदन में सरकार की आपातकालीन कोबरा समिति (COBRA Committee) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें सुरक्षा स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।

फ्रांस में यूरोप की सबसे बड़ी यहूदी आबादी निवास करती है और हाल के महीनों में वहां भी यहूदी-विरोधी हमलों में वृद्धि देखी गई है। इस कारण पेरिस और लंदन दोनों ही जगह यह हमला विशेष रूप से चिंता का विषय माना जा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765912 Articles

Share this story