हैती में गिरोहों के हमले के बाद अल सल्वाडोर के वायुसेना के चार जवान लापता

WhatsApp Channel Join Now

सैन साल्वाडोर/पोर्ट-ओ-प्रिंस, 19 अक्टूबर (हि.स.)। हैती में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल के साथ तैनात अल सल्वाडोर के वायुसेना के चार जवान सशस्त्र आपराधिक गिरोहों के हमले के बाद लापता हो गए हैं। अल सल्वाडोर के सशस्त्र बलों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। जवानों की तलाश के लिए जमीन और हवाई मार्ग से कई प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में जारी भीषण संघर्ष के कारण अभियान में बाधा आ रही है।

अल सल्वाडोर की सेना के मुताबिक, उसके जवान बख्तरबंद वाहन से अपने शिविर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। विस्फोटक हमले की चपेट में आने के बाद वाहन में आग लग गई। जवान किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे, लेकिन इसके बाद उनसे संपर्क टूट गया।

लापता जवानों की मदद के लिए अल सल्वाडोर के हेलीकॉप्टर भी भेजे गए, लेकिन उन पर भी गोलीबारी की गई। सेना ने बताया कि अन्य देशों के सुरक्षा बलों ने भी सहायता की कोशिश की है। हालांकि, संघर्ष की तीव्रता और इलाके में बिगड़े सुरक्षा हालात के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।

हैती में गिरोहों की हिंसा पर काबू पाने और सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र समर्थित गैंग सप्रेशन फोर्स (जीएसएफ) तैनात है। इस बल ने भी बताया कि पोर्ट-ओ-प्रिंस के सैंटो इलाके में उसके कर्मियों को ले जा रहे एक वाहन पर हमला हुआ।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763711 Articles

Share this story