लेबनान के दक्षिणी इलाकों में इजराइल की कार्रवाई, हमले में चार लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बेरूत, 16 जून (हि.स.)। लेबनान के दक्षिणी हिस्सों में मंगलवार को हुए इजराइली हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए गए।

लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, दक्षिणी शहर मायफादौन के मुख्य चौक पर एक के बाद एक तीन हमले हुए। इसके अलावा पास के चौकीन इलाके में एक वाहन को भी निशाना बनाया गया। वहीं, हद्दाथा क्षेत्र में एक ड्रोन से विस्फोटक उपकरण गिराए जाने की सूचना है, जिसमें चार युवक घायल हो गए।

इन घटनाओं ने उस समय क्षेत्रीय तनाव को फिर बढ़ा दिया है, जब हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में संघर्ष कम होने और कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें जताई जा रही थीं। प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और राहत-बचाव दलों को तैनात किया गया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि क्षेत्र में स्थायी शांति तभी संभव है जब लेबनान से संबंधित मुद्दों का भी समाधान हो। दूसरी ओर, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि लेबनान में इजराइली सैन्य मौजूदगी किसी संभावित समझौते का हिस्सा नहीं है। इजराइल भी स्पष्ट कर चुका है कि वह अपनी सुरक्षा रणनीति के तहत सैन्य अभियान जारी रखेगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story