ब्रिटेन की राजनीति से पूर्व पीएम स्टार्मर लेंगे विदाई, संसद की सदस्यता से इस्तीफा का फैसला

WhatsApp Channel Join Now
ब्रिटेन की राजनीति से पूर्व पीएम स्टार्मर लेंगे विदाई, संसद की सदस्यता से इस्तीफा का फैसला


ब्रिटेन की राजनीति से पूर्व पीएम स्टार्मर लेंगे विदाई, संसद की सदस्यता से इस्तीफा का फैसला


लंदन, 01 सितंबर (हि.स.)। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री केयर स्टार्मर ने संसद की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। इसके साथ ही ब्रिटिश राजनीति में उनका 11 साल लंबा संसदीय सफर समाप्त होने जा रहा है। स्टार्मर ने अपने स्थानीय अखबार कैम्डेन न्यू जर्नल से कहा कि हाउस ऑफ कॉमन्स छोड़ने का यह उनके लिए “सही समय” है।

स्टार्मर वर्ष 2015 में पहली बार सांसद बने थे। इससे पहले वह ब्रिटेन के सार्वजनिक क्षेत्र के शीर्ष कानूनी अधिकारी के रूप में डायरेक्टर ऑफ पब्लिक प्रॉसिक्यूशंस की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। वर्ष 2019 में उन्होंने लेबर पार्टी की कमान संभाली और 2024 के आम चुनाव में पार्टी को बड़ी जीत दिलाकर प्रधानमंत्री बने।

हालांकि, प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल अपेक्षित जनसमर्थन कायम नहीं रख सका। जनमत सर्वेक्षणों में लोकप्रियता गिरने के बाद उन्होंने जून 2026 में प्रधानमंत्री पद छोड़ने की घोषणा की थी। उनके बाद एंडी बर्नहैम ने प्रधानमंत्री पद संभाला।

स्टार्मर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अपने निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान की बात रही, लेकिन अब वह अंतरराष्ट्रीय मामलों, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और तकनीक जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा रोकने के प्रयास जारी रखने की भी बात कही।

प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए स्टार्मर ने दावा किया कि उनकी सरकार ने अर्थव्यवस्था को स्थिर करने, सार्वजनिक सेवाओं के पुनर्निर्माण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन की छवि मजबूत करने की दिशा में काम किया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story