ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों में बातचीत, क्षेत्रीय स्थिरता और कूटनीति पर जोर
तेहरान/इस्लामाबाद, 07 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अमेरिका के प्रस्तावित शांति प्रयासों के बीच ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों के बीच अहम बातचीत हुई। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने गुरुवार को फोन पर क्षेत्रीय हालात और कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की।
ईरानी विदेश मंत्रालय से जुड़े आधिकारिक माध्यमों के अनुसार दोनों नेताओं ने क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात की समीक्षा की। इस बात पर जोर दिया कि तनाव कम करने तथा स्थिरता बनाए रखने के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता जारी रहना चाहिए। बातचीत में क्षेत्रीय देशों के बीच रचनात्मक सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर भी सहमति जताई गई।
सूत्रों के मुताबिक ईरान इस समय अमेरिका की ओर से युद्ध समाप्त करने के लिए दिए गए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है। तेहरान ने संकेत दिया है कि वह अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया पाकिस्तान के माध्यम से साझा कर सकता है। पाकिस्तान पहले ही उम्मीद जता चुका है कि बातचीत के जरिए जल्द किसी समझौते तक पहुंचा जा सकता है।
हालांकि दोनों देशों की ओर से जारी बयान में वार्ता के किसी ठोस नतीजे या संभावित समझौते की रूपरेखा का उल्लेख नहीं किया गया, लेकिन यह स्पष्ट संकेत मिला कि दोनों पक्ष सैन्य टकराव की बजाय कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

