ईरान-इजराइल तनाव के बीच अमेरिका ने शुरू की अपने नागरिकों की निकासी की योजना

WhatsApp Channel Join Now


अमेरिकी राजदूत ने कहा- विमान और क्रूज जल्द होंगे रवाना

वॉशिंगटन/यरूशलेम, 18 जून (हि.स.)। अमेरिका के विदेश विभाग ने यरूशलेम और इजराइल में मौजूद अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए विशेष उड़ानों और क्रूज जहाजों की योजना पर काम शुरू कर दिया है। यह जानकारी इजराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकाबी ने बुधवार को दी।

राजदूत हकाबी ने अपने व्यक्तिगत एक्स अकाउंट पर लिखा, “अत्यावश्यक सूचना! इजराइल छोड़ना चाहने वाले अमेरिकी नागरिकों के लिए अमेरिकी दूतावास निकासी उड़ानों और क्रूज रवानगी पर काम कर रहा है।” इस पोस्ट को बाद में आधिकारिक सरकारी खातों से भी साझा किया गया।

इस बीच, यरूशलेम स्थित अमेरिकी दूतावास शुक्रवार तक के लिए बंद कर दिया गया है, जिससे हालात की गंभीरता का संकेत मिलता है।

हकाबी ने बताया कि अमेरिका में रह रहे या इजराइल की यात्रा कर रहे सभी अमेरिकी नागरिकों को “स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (स्टेप)” में अपना पंजीकरण कराना आवश्यक है, ताकि उन्हें समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं भेजी जा सकें। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि निकासी अभियान कब से शुरू होगा।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिका के विदेश विभाग ने बीते दिन मंगलवार को यह जानकारी दी थी कि इजराइल और अन्य पश्चिम एशियाई देशों में फंसे अमेरिकी नागरिकों की सहायता के लिए एक विशेष कार्यबल का गठन किया गया है।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में लगभग 7 लाख अमेरिकी नागरिक इजराइल में रह रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में दोहरे नागरिकता वाले अमेरिकी-इजराइली शामिल हैं। इसके अलावा ईरान और अन्य मध्यपूर्वी देशों में भी हजारों अमेरिकी नागरिक मौजूद हैं।

------------ ---

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story