कतर के उपहार वाले नए एयर फोर्स वन में पहली बार उड़ने पर उत्साहित दिखे ट्रंप

WhatsApp Channel Join Now
कतर के उपहार वाले नए एयर फोर्स वन में पहली बार उड़ने पर उत्साहित दिखे ट्रंप


वॉशिंगटन, 01 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर द्वारा उपहार में दिए गए नए एयर फोर्स वन विमान में पहली आधिकारिक उड़ान भरने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस विमान में पहली बार यात्रा करने को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं और इसे अमेरिका को मिला एक शानदार उपहार बताया।

नॉर्थ डकोटा रवाना होने से पहले जॉइंट बेस एंड्रूज पर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, सच कहूं तो इस पहली उड़ान को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। ऐसा विमान पहले किसी ने नहीं देखा होगा। ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने कतर के अमीर से विमान उपयोग करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अमीर ने इसे अमेरिका के लिए एक योगदान बताते हुए उपहार के रूप में देने की इच्छा जताई।

ट्रंप ने बताया कि विमान को राष्ट्रपति की सुरक्षा जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली और कई उन्नत तकनीकी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। उनके अनुसार, इतनी जटिल तकनीक वाला विमान तैयार करना आसान नहीं है। ट्रंप ने दावा किया, यदि हम इसी स्तर का विमान स्वयं बनाते, तो इसकी लागत कहीं अधिक होती। सच तो यह है कि हम इस तरह का विमान बना ही नहीं सकते, क्योंकि इसके लिए जितना खर्च करना पड़ेगा, उतना करने को कोई तैयार नहीं होगा।

कतर की ओर से मिले इस लग्जरी विमान को लेकर अमेरिका में पहले से ही नैतिक, संवैधानिक और सुरक्षा संबंधी सवाल उठते रहे हैं। यह विमान तब तक अस्थायी एयर फोर्स वन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जब तक बोइंग द्वारा तैयार किए जा रहे दो नए विशेष राष्ट्रपति विमान सेवा में नहीं आ जाते। कई तकनीकी देरी और बढ़ती लागत के कारण इन विमानों की डिलीवरी में लगभग दो वर्ष का समय लगने की संभावना है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story