ड्रोन कंपनी पर आगजनी की कोशिश के बाद रूस से सीमा बंद करेगा एस्टोनिया

WhatsApp Channel Join Now


तालिन, 15 नवंबर (हि.स.)। एस्टोनिया ने रूस के साथ लगने वाली अपनी सभी सीमा चौकियों को एक दिसंबर से बंद करने का फैसला किया है। देश के विदेश मंत्री मार्गुस त्साहकना ने रविवार को यह घोषणा की। यह कदम एस्टोनिया की रक्षा क्षेत्र की एक कंपनी पर कथित तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश के बाद उठाया गया है। तालिन ने इस घटना के पीछे मॉस्को का हाथ होने का आरोप लगाया है।

एस्टोनियाई अधिकारियों ने रातभर की कार्रवाई में आठ लोगों को हिरासत में लिया। इन पर ड्रोन निर्माता कंपनी ‘थ्रियोड सिस्टम्स’ में आग लगाने की कोशिश करने का संदेह है। एस्टोनियाई अधिकारियों का दावा है कि इस साजिश का आदेश रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी जीआरयू ने दिया था।

एस्टोनिया के आरोपों और सीमा चौकियां बंद करने के फैसले पर मॉस्को की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। रूस यूरोपीय देशों की ओर से तोड़फोड़ की घटनाओं में उसकी संलिप्तता के आरोपों को नियमित रूप से खारिज करता रहा है।

विदेश मंत्री त्साहकना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “रूस को समझना होगा कि एस्टोनिया के खिलाफ शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों के परिणाम भुगतने होंगे।” हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि सीमा चौकियां कितने समय तक बंद रहेंगी या इन्हें दोबारा खोलने की कोई तारीख तय की गई है या नहीं।

नाटो और यूरोपीय संघ का सदस्य एस्टोनिया यूक्रेन का प्रबल समर्थक रहा है। एस्टोनिया की रूस के साथ फिलहाल तीन सीमा चौकियां नार्वा, लुहामा और कोइदुला खुली हैं। एस्टोनियाई सार्वजनिक प्रसारक ईआरआर के अनुसार, इन चौकियों से पैदल यात्रियों और मालवाहक वाहनों को आने-जाने की अनुमति है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777748 Articles

Share this story