ईरान-इजराइल जंग के बीच अबू धाबी में ईरानी हमले से भारतीय घायल, दूतावास ने कहा- खतरे से बाहर

WhatsApp Channel Join Now

अबू धाबी, 01 मार्च (हि.स.)। ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच क्षेत्रीय तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर दूसरे दिन भी हवाई हमले जारी रहने के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया।

यूएई प्रशासन ने हमले में एक भारतीय के घायल होने की पुष्टि की है। इसके बाद यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है और वे संबंधित भारतीय नागरिक तथा अस्पताल प्रशासन के संपर्क में हैं।

दूतावास ने स्पष्ट किया कि घायल भारतीय की स्थिति अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। बयान में कहा गया, “भारतीय नागरिक अब खतरे से बाहर हैं। हम हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।”

इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने भी हमले में एक भारतीय नागरिक के घायल होने का उल्लेख किया था। भारतीय दूतावास ने कहा कि वह मामले पर लगातार नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर हर तरह की कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईरानऔर इजराइल के बीच संघर्ष तेज हुआ है, जिसमें अमेरिका की सैन्य कार्रवाई भी शामिल बताई जा रही है। बढ़ते तनाव के कारण पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार संयम बरतने और हालात को कूटनीतिक माध्यम से सुलझाने की अपील कर रहा है, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story