व्हाइट हाउस पर हमले के प्रयास में भारतीय युवक को आठ साल की कैद 

WhatsApp Channel Join Now


वाशिंगटन, 17 जनवरी (हि.स.)। अमेरिका की अदालत ने व्हाइट हाउस पर हमले की योजना बनाने के आरोपित भारतीय युवक को आठ साल कैद की सजा सुनाई है। युवक पर आरोप है कि उसने डेढ़ साल पहले भाड़े के ट्रक से व्हाइट हाउस पर हमले की योजना बनाई थी। साथ ही अमेरिका की सरकार को उखाड़ फेंककर नाजी विचारधारा से प्रेरित शासन लाने का प्रयास भी किया था।

दोष सिद्ध युवक के पास अमेरिका की स्थाई नागरिकता है और वह ग्रीन कार्ड धारक भी है। मूलरूप से कर्नाटक के चंदनगर निवासी साईं वर्शित कंडुला पिछले चार साल से अमेरिका में रह रहा है। आरोप है कि 22 मई 2023 को उसने वाशिंगटन में एक ट्रक किराए पर लिया। इसके बाद रात 9.30 बजे उसने व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति पार्क की सुरक्षा में लगे बैरियर से ट्रक को टक्कर मार दी। पहली बार टक्कर मारने के बाद उसने ट्रक को पीछे लिया और दोबारा टक्कर मारने की कोशिश की लेकिन दूसरी कोशिश में ट्रक खराब हो गया। इसके बाद युवक चालक सीट से उतर कर ट्रक के पीछे आया। उसने एक नाजी फ्लैग निकाला और उसे लहराना शुरू कर दिया। तभी अमेरिका सीक्रेट सर्विस के अफसरों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

न्यूयार्क टाइम्स के मुताबिक सुनवाई के बाद अदालत ने माना कि साईं वर्शित कुंडला ने हमला अमेरिका की लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंकने की साजिश तो रची ही, वहीं नाजी विचारधारा से प्रेरित तानाशाही शासन लाने का प्रयास भी किया था।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / CP Singh

Share this story