फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में पायलटों के बीच झड़प, सऊदी अरब में कराई गई आपात लैंडिंग

WhatsApp Channel Join Now
फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में पायलटों के बीच झड़प, सऊदी अरब में कराई गई आपात लैंडिंग


फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में पायलटों के बीच झड़प, सऊदी अरब में कराई गई आपात लैंडिंग


दुबई, 30 सितंबर (हि.स./रिया नाेवाेस्ती)। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 को बुधवार को विमान के भीतर हुई एक गंभीर घटना के बाद सऊदी अरब के तबुक में आपात स्थिति में उतारा गया। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की है कि विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री एवं चालक दल सुरक्षित हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोइंग737 मैक्स8 में उड़ान के दौरान दोनों पायलटों के बीच शारीरिक झड़प हुई। विमान ने पहले 7700 का सामान्य आपातकालीन कोड और बाद में कुछ समय के लिए 7500 कोड प्रसारित किया, जिसका इस्तेमाल विमान में संभावित गैरकानूनी हस्तक्षेप या अपहरण की स्थिति के संकेत के तौर पर किया जाता है। इसके बाद विमान का रुख तबुक की ओर मोड़ दिया गया।

विमान की अचानक ऊंचाई कम होने की भी जानकारी सामने आई है। फ्लाइट-ट्रैकिंग आंकड़ों के अनुसार, विमान ने कुछ ही समय में लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई खो दी। इसके बाद विमान ने अपना मार्ग बदला और सुरक्षित रूप से तबुक में उतर गया।

शुरुआत में 7500 कोड के कारण विमान के अपहरण की आशंका जताई गई और इजराइल की ओर से लड़ाकू विमान भी भेजे जाने की खबरें सामने आईं। हालांकि, इजराइली अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक आकलन में यह हाईजैकिंग की घटना नहीं बल्कि कॉकपिट में पायलटों के बीच हुआ विवाद था।

इजराइली मीडिया में यह भी रिपोर्ट किया गया है कि झड़प के दौरान एक पायलट घायल हुआ और यात्रियों तथा केबिन क्रू के कुछ सदस्यों ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया कि एक पायलट ने विमान को तेजी से नीचे ले जाने की कोशिश की थी। हालांकि, इन विवरणों और घटना के सटीक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इजराइली सुरक्षा एजेंसियां घटना की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं। इनमें आतंकवादी हमले की संभावित कोशिश का कोण भी शामिल बताया गया है। वहीं, को-पायलट की राष्ट्रीयता और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसे लेकर सामने आई कुछ मीडिया रिपोर्टों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

फ्लाईदुबई ने कहा है कि उसकी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं और अतिरिक्त पुष्टि होने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल, सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है और घटना की जांच जारी है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story