मिस्र के दमियत्ता बंदरगाह पर ड्रोन हमला, अमेरिकी स्वामित्व वाले गैस टैंकर में लगी आग

WhatsApp Channel Join Now


काहिरा/लंदन, 29 जुलाई (हि.स.)। मिस्र के भूमध्यसागरीय तट पर स्थित दमियत्ता बंदरगाह पर एक अमेरिकी स्वामित्व वाले गैस भंडारण टैंकर को कथित तौर पर ड्रोन हमले का निशाना बनाया गया। समुद्री सुरक्षा कंपनी एम्ब्रे की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, ड्रोन के टकराने से जहाज में आग लग गई, जो बाद में पास खड़े एक अन्य गैस पोत तक फैल गई।

बंदरगाह सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी इंचकेप ने भी पुष्टि की कि दमियत्ता बंदरगाह पर दो गैस टैंकरों में आग लगने की घटना हुई है।

व्यापारिक सूत्रों के अनुसार, ड्रोन हमले का पहला निशाना एनर्जोस विंटर नामक फ्लोटिंग गैस स्टोरेज टैंकर बना। आग लगने के बाद इसकी लपटें निकट स्थित दूसरे जहाज गैसलॉग सलेम तक पहुंच गईं।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, विस्फोट और आग की वजह ड्रोन हमला हो सकता है। हालांकि, अब तक किसी संगठन या समूह ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।

समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, दोनों जहाजों के चालक दल को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया और आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमियत्ता बंदरगाह मिस्र के प्रमुख ऊर्जा और गैस निर्यात केंद्रों में शामिल है। ऐसे में इस घटना को क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों द्वारा मामले की जांच जारी है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story