चीनी राजदूत ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को चीन यात्रा का दिया निमंत्रण
ढाका, 23 फरवरी 2026 (हि.स.)। बांग्लादेश में चीन के राजदूत याओ वेन ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को चीन की आधिकारिक यात्रा का निमंत्रण दिया। साथ ही उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
राजदूत ने आज दोपहर 12:30 बजे बांग्लादेश सचिवालय स्थित कैबिनेट डिवीजन कार्यालय में प्रधानमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक के बाद प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने पत्रकारों को यह जानकारी दी।
हुमायूं कबीर ने बताया कि बैठक के दौरान प्रस्तावित चीन दौरे के कार्यक्रम पर कोई विस्तृत चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री इस समय कई महत्वपूर्ण घरेलू प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। जब वे आंतरिक कार्यों को पूरा कर विदेश यात्रा शुरू करेंगे, तब चीनी निमंत्रण पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि चीनी सरकार ने हालिया आम चुनाव में प्रधानमंत्री तारिक रहमान को दो-तिहाई बहुमत के साथ मिले जनादेश को रिकोग्नाइज किया। राजदूत मुख्य रूप से नवगठित सरकार को बधाई देने पहुंचे थे।
विदेश मामलों के सलाहकार ने कहा कि बांग्लादेश और चीन के संबंध ऐतिहासिक हैं और यह मजबूत रिश्ता शहीद राष्ट्रपति जियाउर रहमान के कार्यकाल में प्रारंभ हुआ था। उन्होंने कहा कि चीन वर्षों से बांग्लादेश का एक महत्वपूर्ण और मजबूत विकास साझेदार रहा है।
हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की इच्छा वर्तमान सरकार रखती है। हालांकि आज की बैठक महज शिष्टाचार भेंट थी और किसी विशिष्ट मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई, लेकिन दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई तक ले जाने और विकास सहयोग को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

