दूर के रिश्तेदार से बेहतर पास का पड़ोसी होता है': चीनी विदेश मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
दूर के रिश्तेदार से बेहतर पास का पड़ोसी होता है': चीनी विदेश मंत्री


काठमांडू, 16 जून (हि.स.)। चीन के दौरे पर गए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के साथ मुलाकात के दौरान चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि 'दूर के रिश्तेदार की तुलना में पास का पड़ोसी बेहतर होता है'।

सोमवार को चीन की राजधानी बीजिंग में हुई बैठक में वांग ने याद दिलाया कि नेपाल और चीन वर्षों से अच्छे पड़ोसी रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास, समृद्धि और आधुनिकीकरण की यात्रा में चीन हमेशा नेपाल के लिए एक भरोसेमंद पड़ोसी और भागीदार बना रहेगा।

नेपाल और चीनी समकक्षों के बीच हुई इस मुलाकात के बारे में चीनी विदेश मंत्रालय ने आज सुबह लिखा, वांग यी ने 'दूर के रिश्तेदार से बेहतर पास का पड़ोसी होता है' कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि चीन नेपाल के लिए विकास, समृद्धि और आधुनिकीकरण की यात्रा में हमेशा एक भरोसेमंद पड़ोसी और साझेदार रहेगा।

इतिहास और वास्तविकता ने यह साबित किया है कि चीन-नेपाल मित्रता नेपाल राष्ट्र, नेपाली जनता और राष्ट्रीय हितों के लिए फायदेमंद रही है। वांग ने जानकारी दी कि चीन ने नेपाल के साथ अपने संबंधों को अपनी पड़ोसी कूटनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि नेपाली जनता के प्रति चीन की मैत्रीपूर्ण नीति निरंतर जारी रहेगी।

विदेश मंत्री वांग ने कहा कि चीन और नेपाल पहाड़ों तथा नदियों से जुड़े हुए और साझा भविष्य वाले पड़ोसी देश हैं। उन्होंने याद दिलाया कि राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से, चाहे अंतरराष्ट्रीय परिस्थिति हो या नेपाल की आंतरिक राजनीतिक स्थिति, जो भी बदलाव आए हों, दोनों देशों ने हमेशा 'शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के पांच सिद्धांतों' (पंचशील) का पालन करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को निरंतर आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि चीन हमेशा नेपाल की राष्ट्रीय संप्रभुता, स्वतंत्रता और भौगोलिक अखंडता की रक्षा करने का समर्थन करेगा, जनसमर्थन के साथ नई नेपाली सरकार को सफलतापूर्वक शासन चलाने में सहयोग करेगा और नेपाल की राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुकूल विकास मार्ग की खोज का समर्थन करेगा।

विदेश मंत्री वांग ने 'एक चीन नीति' के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता जताने और ताइवान तथा तिब्बत से जुड़े चीन के मूल हितों के मामलों में निरंतर समर्थन करने के लिए नेपाल की सराहना भी की।

उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले 'बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई)' के तहत बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क, सड़क, सीमा नाके और हवाई परिवहन जैसे क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करके नेपाल की सहायता करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

साथ ही उन्होंने कहा कि चीन अपनी कंपनियों को नेपाल में निवेश के लिए प्रोत्साहित करेगा और उम्मीद करता है कि नेपाल अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुकूल व्यावसायिक माहौल प्रदान करेगा। इसके अलावा, दोनों देशों ने बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग मजबूत करने और विकासशील देशों के साझा हितों की रक्षा करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story