चीन ने सफलतापूर्वक लॉन्च किया फेंगयुन 3-08 उपग्रह

WhatsApp Channel Join Now
चीन ने सफलतापूर्वक लॉन्च किया फेंगयुन 3-08 उपग्रह


बीजिंग, 27 सितंबर (हि.स.)। चीन ने समूचे विश्व के माैसम का पूर्वानुमान लगाने के लक्ष्य से फेंगयुन-3-08 उपग्रह का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया है।

सरकारी संवाद एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार शनिवार को देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित जिउक्वान उपग्रह प्रक्षेपण केन्द्र से फेंगयुन-3-08 मौसम विज्ञान उपग्रह को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में प्रक्षेपित कर दिया गया। यह प्रक्षेपण मार्च-4सी कैरियर रॉकेट द्वारा स्थानीय समयानुसार सुबह 3 बजकर 28 मिनट पर किया गया। उपग्रह ने निर्धारित कक्षा में प्रवेश कर लिया है।

चाइना नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (सीएनएसए) के अनुसार यह प्रक्षेपण लॉन्ग मार्च शृंखला के 596 वें उड़ान मिशन का प्रतीक है जो देश की अंतरिक्ष क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

फेंगयुन-3-08 उपग्रह फेंगयुन मौसम उपग्रह परिवार का नवीनतम सदस्य है और यह नौ उन्नत रिमोट सेंसिंग पेलोड्स से लैस है। इनमें मध्यम-रिज़ॉल्यूशन स्पेक्ट्रल इमेजर और माइक्रोवेव इमेजर जैसे उपकरण शामिल हैं।

यह उपग्रह मुख्य रूप से मौसम पूर्वानुमान, वायुमंडलीय रसायन विज्ञान और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी निगरानी एवं शोध गतिविधियों का विवरण प्रदान करेगा। सीएनएसए के अनुसार उपग्रह के संचालन से चीन की वैश्विक मौसम पूर्वानुमान क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे वैश्विक जलवायु परिवर्तन का बेहतर तरीके से सामना किए जाने के साथ ही मौसम संबंधी आपदाओं की रोकथाम करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हाेगी।

चीन के मौसम विज्ञान प्रशासन (सीएमए) के विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपग्रह से वैश्विक स्तर पर मौसम पूर्वानुमान की सटीकता और समयबद्धता के नए आयाम स्थापित हाे सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि फेंगयुन शृंखला के उपग्रहों ने पहले ही 129 देशों और क्षेत्रों को डेटा उत्पाद और सेवाएं प्रदान की हैं। यह नया उपग्रह इस नेटवर्क को और मजबूत करेगा। यह उपग्रह वायुमंडलीय तापमान, आर्द्रता और ट्रेस गैसों की निगरानी करेगा जो प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, सूखा और तूफानों की पूर्व चेतावनी में सहायक सिद्ध होगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / नवनी करवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story