चीनी रोबोट ने टेस्ट रन में तोड़ा उसेन बोल्ट के 100 मीटर का वर्ल्ड रिकॉर्ड
बीजिंग, 22 अगस्त (हि.स.)। चीन में एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने टेस्ट रन के दौरान 100 मीटर की दौड़ महज 9.32 सेकंड में पूरी कर सनसनी मचा दी। यह समय जमैका के महान धावक उसैन बोल्ट के 9.58 सेकंड के 100 मीटर विश्व रिकॉर्ड से तेज है।
जिओ न्यूज के मुताबिक, स्मार्टफोन कंपनी ऑनर द्वारा विकसित 'लाइटनिंग' नाम के इस रोबोट ने बीजिंग में आयोजित होने वाले दूसरे वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स से पहले हुए एक टेस्ट इवेंट में यह प्रदर्शन किया।
टेस्ट के दौरान 'लाइटनिंग' ने करीब 14.5 मीटर प्रति सेकंड की अधिकतम गति हासिल की। इस प्रदर्शन के साथ उसने इंसानी 100 मीटर दौड़ के मौजूदा विश्व रिकॉर्ड से बेहतर समय दर्ज किया।
उसैन बोल्ट ने साल 2009 में बर्लिन में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 100 मीटर दौड़ 9.58 सेकंड में पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। यह रिकॉर्ड अब तक इंसानी एथलेटिक्स में कायम है।
हालांकि, रोबोट का यह प्रदर्शन इंसानी विश्व रिकॉर्ड को आधिकारिक तौर पर बदलता नहीं है क्योंकि दोनों अलग-अलग श्रेणियों में आते हैं।
'लाइटनिंग' इससे पहले भी अपनी दौड़ने की क्षमता दिखा चुका है। अप्रैल में इस रोबोट ने बीजिंग हाफ मैराथन में हिस्सा लिया था और 21 किलोमीटर की दूरी 50 मिनट 26 सेकंड में पूरी कर जीत हासिल की थी। हाफ मैराथन के दौरान रोबोट की लंबाई करीब 169 सेंटीमीटर थी और उसके पैरों की लंबाई 95 सेंटीमीटर थी।
वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स से पहले शोधकर्ताओं ने 'लाइटनिंग' के डिजाइन में बदलाव किया है। इसके पैरों की लंबाई करीब 10 सेंटीमीटर बढ़ाकर 1.05 मीटर कर दी गई है।
चीन ह्यूमनॉइड रोबोटिक्स को रणनीतिक और तेजी से उभरते उद्योग के रूप में बढ़ावा दे रहा है। सरकार और कंपनियों को उम्मीद है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक हार्डवेयर में प्रगति से भविष्य में मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और कंज्यूमर एप्लीकेशन जैसे क्षेत्रों में ह्यूमनॉइड रोबोट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ेगा।
'लाइटनिंग' का यह प्रदर्शन चीन की रोबोटिक्स तकनीक में तेजी से हो रही प्रगति को दर्शाता है, हालांकि इंसानी और रोबोटिक प्रदर्शन की तुलना अलग-अलग तकनीकी मानकों के तहत की जाती है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

