दक्षिणी चीन में बाढ़ से 39 लोगों की मौत और 9 लापता, एक और तूफान की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
दक्षिणी चीन में बाढ़ से 39 लोगों की मौत और 9 लापता, एक और तूफान की चेतावनी


बीजिंग, 09 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी चीन में आए तूफान 'मेसाक' के कारण हुई भारी बारिश और भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 लोग अभी भी लापता हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने ताइवान और चीन का पूर्वी तट एक और शक्तिशाली तूफान 'बावी' के टकराने की संभावना जताई है।

विभिन्न मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार, नाननिंग शहर के उप-मेयर डिंग वेई ने प्रेसवार्ता में बताया कि सबसे अधिक नुकसान हेंगझोऊ इलाके में हुआ, जहां एक जलाशय का बांध आंशिक रूप से टूटने से तेज़ बहाव शहर में घुस गया और 26 लोगों की जान चली गई।

तूफान 'मेसाक' के कारण शनिवार से गुआंग्शी क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर की बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जलाशय टूट गए और हजारों लोग अपने घरों व इमारतों में फंस गए। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कुछ इलाकों में 10 से 40 सेंटीमीटर (4 से 16 इंच)और सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में 90 सेंटीमीटर (35 इंच) से अधिक बारिश हुई।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। बचाव दल ड्रोन और करीब 5,700 नावों की मदद से लोगों तक पहुंच रहे हैं। अब तक 1.30 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

गुरुवार को हेंगझोऊ के उत्तर-पूर्व स्थित गुइगांग शहर में स्कूलों में फंसे 10,000 से अधिक छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित निकालने का अभियान भी चलाया गया।

बाढ़ का असर वन्यजीवों और पालतू जानवरों पर भी पड़ा है। गुइगांग के एक चिड़ियाघर से 100 से अधिक जानवर लापता बताए गए हैं, जिनमें ज़ेब्रा, साही और कई ट्रॉपिकल पक्षी शामिल हैं। वहीं, हेंगझोऊ में एक फार्म से सांप निकलने की आशंका के चलते प्रशासन ने एंटी-वेनम का अतिरिक्त स्टॉक तैयार किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, सुपर टाइफून 'बावी' ताइवान के उत्तर से गुजरते हुए शनिवार तक चीन के झेजियांग या फुजियान प्रांत के तट से टकरा सकता है। इसके प्रभाव से भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना जताई गई है।

डिंग ने बताया कि लगभग 1,30,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुँचाया गया है। बाढ़ का पानी कम हो रहा है लेकिन अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में और बारिश होने की संभावना है। हेंगझोऊ के कई कस्बों से कीचड़ और मलबा हटाने और वहाँ कीटाणुनाशक छिड़कने के लिए टीमें तैनात की गई हैं। डिंग ने कहा कि सड़कों की मरम्मत का काम चल रहा है और 60,000 से ज़्यादा घरों में बिजली बहाल कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्रों में कीचड़ और मलबा हटाने, सड़कों की मरम्मत तथा राहत कार्य तेज़ी से जारी हैं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story