चीन ने ईरान को हथियार भेजने की खबरों का किया खंडन, कहा- 'हम संघर्ष नहीं, शांति के पक्षधर'

WhatsApp Channel Join Now

बीजिंग, 30 जुलाई (हि.स.)। चीन ने उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है जिनमें दावा किया गया था कि वह ईरान को बड़ी संख्या में पोर्टेबल वायु रक्षा मिसाइल प्रणालियां उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि बीजिंग की प्राथमिकता क्षेत्र में तनाव कम करना और शांति को बढ़ावा देना है।

विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि चीन हमेशा संवाद और कूटनीतिक समाधान का समर्थन करता रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हथियार आपूर्ति से जुड़े दावों का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है और चीन किसी भी ऐसे कदम का समर्थन नहीं करता जो क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ाए।

इस बीच, अमेरिका की ओर से भी इस विषय पर प्रतिक्रिया सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यदि चीन वास्तव में ईरान को सैन्य सहायता देता है, तो यह निराशाजनक होगा। हालांकि, चीन ने इन आशंकाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उसका उद्देश्य केवल शांति और स्थिरता को बढ़ावा देना है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story