चीन में चक्रवात 'नौल' की ग्वांगडोंग प्रांत में दस्तक, रेड अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
चीन में चक्रवात 'नौल' की ग्वांगडोंग प्रांत में दस्तक, रेड अलर्ट जारी


चीन में चक्रवात 'नौल' की ग्वांगडोंग प्रांत में दस्तक, रेड अलर्ट जारी


बीजिंग, 26 जुलाई (हि.स.)। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार सुबह चक्रवात नौल के दक्षिण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में दस्तक देने के बाद रेड अलर्ट जारी किया। चक्रवात के केंद्र के पास हवा की अधिकतम तीव्रता 14 रही। केंद्र के अनुसार, सुबह नौल कमजोर होकर सामान्य चक्रवात में बदल गया। चीन में चक्रवात के लिए चारस्तरीय, रंग-कोडित मौसम चेतावनी प्रणाली है। रेड कलर(लाल रंग) गंभीर चेतावनी को दर्शाता है। इसके बाद ऑरेंज कलर (नारंगी रंग), येलो कलर (पीला रंग) और ब्ल्यू कलर (नीला रंग) आता है।

शिन्हुआ और बीजिंग डेली की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार सुबह बारिश के लिए रेड अलर्ट और अन्य स्थिति (गंभीर संवहनी मौसम) के लिए येलो अलर्ट जारी किया। केंद्र ने येलो अलर्ट जारी करते हुए अचानक बाढ़ और भू-स्खलन जैसी आपदाओं की रोकथाम और उनसे निपटने के प्रयासों को मजबूत करने का आह्वान किया।

इससे पहले शनिवार को राज्य बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने ग्वांगडोंग प्रांत में बाढ़ और चक्रवात पर नियंत्रण के लिए अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया को बढ़ाकर तीसरे स्तर पर कर दिया था। वहीं, जियांग्शी और हुनान प्रांतों बाढ़ से निपटने के लिए चौथे स्तर की आपात प्रतिक्रिया शुरू की। केंद्र ने बताया कि शनिवार देर रात चक्रवात का केंद्र गुआंगदोंग के हुइझोउ शहर में हुइदोंग काउंटी से करीब 100 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में समुद्र में था।

केंद्र ने अनुमान जताया कि नौल करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा तथा इस दौरान और शक्तिशाली होगा।तट से टकराने के बाद चक्रवात के उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। हांगकांग में मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को 410 से अधिक उड़ानें और 150 तेज रफ्तार रेल सेवाएं रद्द कर दी गईं। गृह विभाग ने संभावित चक्रवात को देखते हुए 28 आश्रय स्थल भी खोले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story