इंजरी टाइम में गोल कर चनमारी एफसी ने डेम्पो को 2-1 से हराया, सत्र की पहली जीत दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
इंजरी टाइम में गोल कर चनमारी एफसी ने डेम्पो को 2-1 से हराया, सत्र की पहली जीत दर्ज


मडगांव, 15 नवंबर (हि.स.)। चनमारी एफसी ने स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2026-27 में रविवार को रोमांचक मुकाबले में डेम्पो एससी को 2-1 से हराकर सत्र की पहली जीत दर्ज की। पीजेएन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चनमारी ने पिछड़ने के बाद वापसी की और इंजरी टाइम के पहले मिनट में ललथानजुआला के गोल की बदौलत पूरे तीन अंक हासिल किए।

डेम्पो ने तीसरे मिनट में लक्षिमनराव राणे के गोल से बढ़त बना ली थी। चनमारी के आर. रामदिंथारा ने 23वें मिनट में बराबरी कर दी। मुकाबला बराबरी पर समाप्त होता दिख रहा था, तभी 90+1वें मिनट में ललथानजुआला ने निर्णायक गोल दाग दिया। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

डेम्पो ने शुरुआती मिनटों में चनमारी के आक्रामक खेल का फायदा उठाया। बाईं ओर से आगे बढ़े राणे ने शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के ऊपरी दाएं कोने में पहुंचा दिया। यह डेम्पो का मैच का पहला शॉट था और उसी पर टीम को बढ़त मिल गई।

इसके बाद चनमारी ने धीरे-धीरे खेल पर पकड़ बनाई। 23वें मिनट में डेनिलसन रोड्रिग्स ने गेब्रियल फरेरा पाज को बाईं ओर गेंद दी। दोनों के बीच बेहतरीन तालमेल के बाद फरेरा पाज ने गोल क्षेत्र में पास दिया, जिस पर रामदिंथारा ने पहली ही कोशिश में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर 1-1 कर दिया।

पहले हाफ के अंतिम हिस्से में दोनों टीमों ने कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में भी मुकाबला बराबरी का रहा। 63वें मिनट में डेम्पो के क्लेडसन दा सिल्वा के शॉट को चनमारी के गोलकीपर जोथानमाविया ने रोक दिया। इसके दो मिनट बाद चनमारी के डेनिलसन के पास बढ़त बनाने का सुनहरा मौका था, लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया।

मैच के अंतिम 15 मिनट में डेम्पो ने आक्रमण तेज किया और लगातार क्रॉस के जरिए गोल करने की कोशिश की। हालांकि, चनमारी की रक्षापंक्ति ने मजबूती से मुकाबला किया। इंजरी टाइम के पहले मिनट में गुइते वानलालपेका ने गेंद लालपेखलुआ को दी। उन्होंने गोल के सामने शानदार पास पहुंचाया, जिसे ललथानजुआला ने गोल में बदलकर चनमारी को यादगार जीत दिला दी।

इस जीत के बाद चनमारी दो मैचों में चार अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि डेम्पो तीन मैचों में छह अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।

डेम्पो का अगला मुकाबला 19 नवंबर को पीजेएन स्टेडियम में शिलांग लाजोंग एफसी से होगा। वहीं, चनमारी 20 नवंबर को जयपुर में राजस्थान यूनाइटेड एफसी से भिड़ेगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story