कनाडा का अमेरिका पर बड़ा पलटवार, 700 उत्पादों पर 50% तक जवाबी टैरिफ

WhatsApp Channel Join Now

ओटावा, 25 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका के साथ बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच कनाडा ने बड़ा जवाबी कदम उठाते हुए करीब 20 अरब डॉलर मूल्य के अमेरिकी सामानों पर भारी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की ‘डॉलर के बदले डॉलर’ की नीति के तहत नए शुल्क 08 सितंबर से लागू होंगे।

कनाडाई सरकार के अनुसार, करीब 700 अमेरिकी उत्पादों पर 15, 25 और 50 प्रतिशत तक का आयात शुल्क लगाया जाएगा। सबसे कड़ा असर अमेरिकी स्टील और एल्यूमिनियम पर पड़ेगा, जिन पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा।

इसके अलावा पनीर, ताजी और जमी हुई मछली व समुद्री उत्पादों तथा लकड़ी से जुड़े कई सामानों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगेगा। वॉशिंग मशीन, हेयर ड्रायर और स्टोव जैसे घरेलू उपकरण भी नए टैरिफ के दायरे में आएंगे। इन उत्पादों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का फैसला किया गया है।

वीडियो गेम कंसोल पर भी 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। कनाडा का यह फैसला अमेरिका की ओर से लगाए गए नए शुल्कों के जवाब में आया है और इससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच जारी व्यापार विवाद के और गहराने की आशंका है।

सरकार का कहना है कि जवाबी टैरिफ का उद्देश्य घरेलू उद्योगों, कारोबारियों और कामगारों के हितों की रक्षा करना है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story