ट्रंप ने कनाडा की 'एसोसिएट मेंबरशिप' को लेकर यूरोपीय संघ को दी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now


वाशिंगटन, 17 सितंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ (ईयू) को चेतावनी दी है कि यदि कनाडा को ब्लॉक का ‘सहयोगी सदस्य’ बनाने की योजना आगे बढ़ती है तो अमेरिका यूरोप पर भारी टैरिफ लगा सकता है और कुछ क्षेत्रों में व्यापार रोकने पर भी विचार कर सकता है। ट्रंप ने ईयू के इस प्रस्ताव को संभावित रूप से “शत्रुतापूर्ण कदम” बताया है।

ट्रंप ने कहा कि यदि ईयू की मंशा अच्छी हुई तो स्थिति अलग होगी, लेकिन खराब इरादे होने पर यूरोप को भारी शुल्क का सामना करना पड़ सकता है।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने बुधवार को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की मौजूदगी में कनाडा को ईयू का पहला ‘सहयोगी सदस्य’ बनाने का प्रस्ताव रखा। यह पहल ईयू और कनाडा के संबंधों को मौजूदा व्यापार समझौते से आगे बढ़ाने की योजना का हिस्सा है।

वॉन डेर लेयेन ने रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा और आर्कटिक सहित रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की बात कही है।

कनाडा पहले से ही ईयू के साथ व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) के तहत व्यापारिक संबंध रखता है। हालांकि, प्रस्तावित ‘सहयोगी सदस्यता’ की विस्तृत शर्तें अभी तय नहीं हुई हैं। यह भी स्पष्ट नहीं है कि नई व्यवस्था के तहत कनाडा को ईयू के एकल बाजार तक कितनी पहुंच मिलेगी और उसे किन यूरोपीय नियमों को अपनाना होगा।

कनाडाई सरकार ने ईयू के साथ संबंधों को और मजबूत करने तथा रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई है। कार्नी और वॉन डेर लेयेन के बीच महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा उद्योग, ऊर्जा, एआई, अंतरिक्ष और वित्तीय सेवाओं में सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई है।

कनाडा और अमेरिका के बीच जारी व्यापारिक तनाव के बीच ओटावा यूरोप के साथ अपने आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में ट्रंप की चेतावनी से अमेरिका और ईयू के बीच व्यापार संबंधों को लेकर तनाव बढ़ने की संभावना है।

कनाडाई प्रधानमंत्री कार्नी गुरुवार को यूरोपीय संसद को संबोधित करेंगे। इसके बाद कनाडा और ईयू के बीच प्रस्तावित नए संबंधों की रूपरेखा को लेकर आगे की बातचीत होने की उम्मीद है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story