न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में इमारत ढही, आठ लोगों की मौत, 19 घायल

WhatsApp Channel Join Now
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में इमारत ढही, आठ लोगों की मौत, 19 घायल


न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में इमारत ढही, आठ लोगों की मौत, 19 घायल


न्यूयॉर्क, 12 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन स्थित फ्लैटबुश इलाके में बुधवार रात को एक इमारत ढहने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं।

मेयर जोहरान ममदानी ने गुरुवार सुबह हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इतने बड़े नुकसान पर शब्द कम पड़ जाते हैं। ममदानी के मुताबिक, मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव दल ने खतरनाक परिस्थितियों के बीच पूरी रात तलाशी अभियान चलाया। न्यूयॉर्क अग्निशमन विभाग के अनुसार हादसे में घायल चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच अन्य लोगों को गंभीर, लेकिन जानलेवा नहीं होने वाली चोटें आई हैं, जबकि 10 लोगों को मामूली चोटों के कारण अस्पताल ले जाया गया।

इमारत ढहने के कारणों की जांच शुरू

विभाग के आयुक्त अहमद तिगानी ने कहा कि हादसे के बाद न्यूयॉर्क के भवन विभाग ने इमारत ढहने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जांच में इमारत के सभी पहलुओं के साथ-साथ आसपास चल रहे निर्माण कार्य की भी पड़ताल की जाएगी। तिगानी के अनुसार भवन विभाग के निरीक्षक घटनास्थल पर मौजूद हैं और रातभर जांच में जुटे रहे।

नगर परिषद की जोनिंग एवं फ्रेंचाइजी उपसमिति की अध्यक्ष फराह एन. लुई ने शहर की सभी संबंधित निगरानी एजेंसियों से इमारत के इतिहास और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच करने की मांग की है। लुई ने कहा कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में किसी इमारत का इस तरह ढहना बेहद गंभीर मामला है। समुदाय को हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही के बारे में स्पष्ट जवाब मिलने चाहिए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story