रूस, चीन, ईरान और उत्तर कोरिया के खिलाफ ब्रिटेन चलाएगा आक्रामक साइबर ऑपरेशन

WhatsApp Channel Join Now
रूस, चीन, ईरान और उत्तर कोरिया के खिलाफ ब्रिटेन चलाएगा आक्रामक साइबर ऑपरेशन


लंदन, 21 नवंबर (हि.स.)। ब्रिटेन ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि वह रूस, चीन, ईरान और उत्तर कोरिया के खिलाफ आक्रामक साइबर ऑपरेशन चला रहा है। ब्रिटेन के एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर ने कहा है कि देश की नेशनल साइबर फोर्स इन देशों से बढ़ते साइबर खतरों का जवाब देने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। इसके साथ ही संगठित अपराध समूहों और ऑनलाइन अपराधियों को भी निशाना बनाया जा रहा है।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू

के मुताबिक, ब्रिटेन की साइबर एंड स्पेशलिस्ट ऑपरेशंस कमांड के प्रमुख जनरल रॉब मैगोवन ने स्काई न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में इसकी पुष्टि की। इस साल की शुरुआत में पद संभालने के बाद यह उनका पहला इंटरव्यू था।

मैगोवन ने कहा कि आधुनिक युद्ध में साइबर क्षेत्र की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। जब उनसे पूछा गया कि क्या नेशनल साइबर फोर्स आक्रामक साइबर ऑपरेशन चलाती है, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बिल्कुल, ब्रिटेन इस बारे में पहले से ही अपना रुख स्पष्ट करता रहा है।

जनरल मैगोवन ने रूस, चीन, ईरान और उत्तर कोरिया का जिक्र करते हुए कहा कि ये देश ब्रिटेन की जीवनशैली और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये देश साइबर क्षेत्र में लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो देश साइबर क्षेत्र में ब्रिटेन के खिलाफ ऑपरेशन चलाएंगे, उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। नेशनल साइबर फोर्स का काम ऐसे खतरों का मुकाबला करना और विरोधियों को जवाब देना है।

मैगोवन ने बताया कि नेशनल साइबर फोर्स का काम केवल विदेशी देशों तक सीमित नहीं है। यह संगठित अपराध समूहों और इंटरनेट के जरिए लोगों को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई करती है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को ऑनलाइन नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना भी फोर्स की रणनीति का हिस्सा है।

ब्रिटेन की नेशनल साइबर फोर्स को लेकर यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब इसी सप्ताह किंग चार्ल्स ने लंकाशायर के सैमलेसबरी में इसके नए मुख्यालय का आधिकारिक उद्घाटन किया।

फोर्स के अधिकांश ऑपरेशन गोपनीय रखे जाते हैं। इसका ज्यादातर काम ब्रिटेन में स्थित केंद्रों से संचालित होता है, जिनमें सैमलेसबरी का रिबल हाउस भी शामिल है।

मैगोवन के मुताबिक, नेशनल साइबर फोर्स विरोधी नेटवर्क की जानकारी जुटाने और उनके सिस्टम के भीतर अपनी मौजूदगी स्थापित करने के लिए कंप्यूटर नेटवर्क एक्सप्लॉयटेशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि इस क्षमता के जरिए विरोधियों के नेटवर्क और उनकी संरचना को समझकर साइबर क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।

जनरल मैगोवन ने ब्रिटेन के सामने मौजूद साइबर खतरों को काफी गंभीर बताया। उनके अनुसार, देश की आक्रामक साइबर क्षमताएं उभरते खतरों का मुकाबला करने और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सैन्य विकल्प उपलब्ध कराती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780695 Articles

Share this story