बोलीविया की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति एनेज की रिहाई का आदेश दिया

WhatsApp Channel Join Now

ला पाज, 05 नवम्बर (हि.स.)। बोलीविया की सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को देश की पूर्व राष्ट्रपति जानीन एनेज़ (Jeanine Anez) की तत्काल रिहाई का आदेश दिया है। अदालत ने 2019 में उनके अंतरिम शासनकाल से जुड़े मामलों में चल रही कानूनी प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। यह जानकारी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रोमर साउसेडो ने दी।

साउसेडो ने कहा, “सजा को निरस्त करने का आदेश दिया गया है। उन्हें 10 साल की सजा सुनाई गई थी, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। इसलिए, आज उनकी रिहाई का आदेश दिया गया है।”

एनेज को मार्च 2021 में गिरफ्तार किया गया था और उन्होंने 20 महीने की प्री-ट्रायल हिरासत में बिताए थे। साल 2022 में उन्हें संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया था। उनके शासनकाल के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों में 22 नागरिकों की मौत हुई थी, हालांकि एनेज ने सभी आरोपों से इनकार किया था।

यह फैसला ऐसे समय आया है जब बोलीविया के अक्टूबर में हुए रनऑफ चुनावों में सत्तारूढ़ मूवमेंट फॉर सोशलिज्म (एमएएस) पार्टी को ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा। इसी पार्टी ने एनेज़ पर 2019 की राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान सत्ता हथियाने की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

सुप्रीम कोर्ट ने एनेज़ के खिलाफ चल रही आम आपराधिक प्रक्रिया को रद्द करते हुए मामला एक विशेष “ट्रायल ऑफ रिस्पॉन्सिबिलिटीज” प्रक्रिया के तहत स्थानांतरित कर दिया है, जो केवल पूर्व राष्ट्राध्यक्षों पर लागू होती है।

न्यायपालिका ने आदेश दिया है कि एनेज अब इस विशेष प्रक्रिया के तहत स्वतंत्र रूप से अपना बचाव कर सकेंगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story