होर्मुज के पास नाव में आग, भारतीय नाविक की मौत

WhatsApp Channel Join Now


दुबई, 09 मई (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक लकड़ी की नाव में भीषण आग लगने और उसके बाद नाव पलट जाने की घटना में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को इस हादसे की पुष्टि की।

रिपोर्ट्स के अनुसार, नाव में कुल 18 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। आग लगने के बाद स्थिति तेजी से बिगड़ गई और नाव समुद्र में पलट गई। हादसे में एक भारतीय नाविक की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए दुबई ले जाया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

समुद्र से गुजर रहे एक अन्य जहाज ने राहत अभियान चलाकर 17 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद बचाव दल और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने शुक्रवार रात बचाए गए भारतीय नागरिकों से मुलाकात की। भारतीय दूतावास लगातार नाव के मालिक और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है तथा प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य को दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री व्यापार मार्गों में गिना जाता है, जहां हाल के दिनों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story