बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी नेता मिर्जा अब्बास बीमार, सिंगापुर ले जाने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी नेता मिर्जा अब्बास बीमार, सिंगापुर ले जाने की तैयारी


ढाका, 13 मार्च (हि.स.)। सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य और प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार मिर्जा अब्बास को बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर ले जाने की तैयारी की जा रही है। बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य शैरुल कबीर खान ने बताया कि अगर सब कुछ ठीक रहा, तो आज उन्हें किसी भी समय एयर एम्बुलेंस से सिंगापुर रवाना किया जाएगा।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, कबीर गुरुवार रात 10 बजे से कुछ पहले राजधानी के एवरकेयर अस्पताल में भर्ती मिर्जा अब्बास से मिलने गए। इस दौरान उन्होंने अब्बास की शारीरिक स्थिति और चल रहे इलाज के बारे में उनकी पत्नी से जानकारी ली। बाद में उन्होंने अब्बास के बिस्तर के पास कुछ समय बिताया और उनके जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना की।

कबीर के अलावा पार्टी महासचिव और सरकार में मंत्री मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, समाज कल्याण मंत्री डॉ. एजेएम जाहिद हुसैन, और जमात के अमीर तथा विपक्ष के नेता डॉ. शफीकुर रहमान भी उनसे अस्पताल मिले। मिर्जा अब्बास बुधवार को इफ्तार के दौरान अचानक बीमार पड़ गए थे। उसी रात उन्हें एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story