बलूचिस्तान में उग्रवादियों का हमला, पाकिस्तानी सेना के तीन जवानों की मौत का दावा

WhatsApp Channel Join Now

क्वेटा, 18 मार्च (हि.स.)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में उग्रवादी गतिविधियों के बीच एक सशस्त्र संगठन ने पाकिस्तानी सेना के शिविर पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन का कहना है कि इस हमले में पाकिस्तानी सेना के तीन जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) के प्रवक्ता ग्वाहरम बलोच ने दावा किया कि संगठन के लड़ाकों ने 16 मार्च को बलूचिस्तान के केच जिले के टंप क्षेत्र के मलंत इलाके में स्थित पाकिस्तानी सेना के एक शिविर पर समन्वित हमला किया।

प्रवक्ता के अनुसार, उग्रवादियों ने कई दिशाओं से शिविर को घेरने के बाद नजदीक से हमला किया। इस दौरान रॉकेट, स्नाइपर राइफल, आरपीजी और ग्रेनेड लॉन्चर जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया गया। बीएलएफ का दावा है कि इस हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

संगठन ने यह भी कहा कि हमले के दौरान शिविर में लगे निगरानी कैमरों को नष्ट कर दिया गया। हमले के बाद कथित तौर पर हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचे और घायलों को वहां से निकाला गया।

बीएलएफ ने एक अन्य कार्रवाई का भी जिक्र करते हुए कहा कि उसने वाशुक जिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान चाकर, पुत्र शेर मोहम्मद, निवासी नाग के रूप में की गई है। संगठन का आरोप है कि वह राज्य के इशारे पर “बलूच विरोधी गतिविधियों” में शामिल था।

बीएलएफ ने चेतावनी दी है कि जो भी लोग बलूच आंदोलन के खिलाफ काम करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

हाल के दिनों में बलूचिस्तान में उग्रवादी संगठनों द्वारा पाकिस्तानी सेना और पुलिस को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों में तेजी आई है। इन घटनाओं के कारण क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है और कई स्थानों पर बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story