मेयर ने कहा- रूस की राजधानी में अब तक का हुआ सबसे बड़ा हमला, रिफाइनरी को क्षति, दो की मौत, यूक्रेन के कई सौ ड्रोन मार गिराए

WhatsApp Channel Join Now




मॉस्को, 20 सितंबर (हि.स.)। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा है कि यूक्रेन ने फरवरी, 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद राजधानी में अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। इस हमले में दो लोगों की जान चली गई। इस दौरान यूक्रेन के कई सौ ड्रोन को मार गिराया गया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने संसदीय चुनाव में बाधा डालने के इरादे से यह हमला किया।

स्काई न्यूज और तास की रिपोर्ट के अनुसार मेयर सोबयानिन ने कहा कि रूसी राजधानी पर जारी ड्रोन हमले के कारण मॉस्को रिफाइनरी परिसर में एक सुविधा को नुकसान पहुंचा है। मेयर ने मैक्स मैसेंजर पर लिखा, दुश्मन के ड्रोन से मॉस्को पर हमला जारी है। मॉस्को ऑयल रिफाइनरी परिसर में एक सुविधा को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि बचाव और राहत कर्मी मौके पर हैं।

रिपोर्ट के अनुसार रविवार आधी रात (मॉस्को समय) से मॉस्को की ओर आ रहे 338 ड्रोन को रूसी एयर डिफेंस ने नष्ट कर दिया। मेयर ने कहा कि रूसी रक्षा मंत्रालय की एयर डिफेंस फोर्स ने मॉस्को की ओर आ रहे 152 और ड्रोन को नष्ट कर दिया है। उन्होंने मैसेजिंग ऐप पर लिखा, जिन इलाकों में ड्रोन का मलबा गिरा है, वहां बचाव दल काम कर रहे हैं। इससे पहले मेयर ने कहा था कि मॉस्को आते समय 186 ड्रोन को मार गिराया गया।

फरवरी, 2022 में यूक्रेन के खिलाफ रूस की पूरी ताकत से शुरू हुई जंग के बाद यह पहला संसदीय चुनाव है। माना जा रहा है कि क्रेमलिन इसे पुतिन की नीतियों और युद्ध के लिए जनता के समर्थन के सबूत के तौर पर पेश करेगा। यह युद्ध अब पांचवें साल में है और इसके जल्द खत्म होने के कोई आसार नहीं हैं।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के समर्थन वाली सत्ताधारी 'यूनाइटेड रशिया' पार्टी के संसद के निचले सदन, 450 सीटों वाली 'स्टेट ड्यूमा' पर अपना दबदबा बनाए रखने की उम्मीद है। अभी उसके पास 310 सीटें हैं। उसे दूसरी पार्टियों के समर्थन के बिना संविधान में बदलाव करने की क्षमता बनाए रखने के लिए कम से कम 300 सीटें जीतनी होंगी। संभवतः आज शाम 7 बजे (यूके समय के अनुसार) शुरुआती नतीजे आने लगेंगे और कल तक पूरे नतीजे आ जाएंगे।

रूस की एकमात्र पार्टी 'याब्लोको' खुलकर शांति की बात करती है। उसे चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है। बैलेट पेपर पर मौजूद सभी 10 पार्टियां युद्ध का समर्थन करती हैं। पुतिन ने चुनाव शुरू होने से पहले टीवी पर अपने संबोधन में कहा, आपकी पसंद और आपकी इच्छा एक बार फिर दिखाएगी कि लाखों लोग हमारे सैनिकों के साथ खड़े हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, कल रात मॉस्को इलाके में हमारे लंबी दूरी के हमलों का बहुत बड़ा असर हुआ। रूस के तेल उद्योग के एक अहम ठिकाने और लॉजिस्टिक्स ठिकाने को निशाना बनाया गया। यह अरबों डॉलर की संपत्ति है। जेलेंस्की ने कहा, मॉस्को को क्रूर युद्ध खत्म करना चाहिए और दूसरे इलाकों की कीमत पर एयर डिफेंस की कई परतें बिछाने के बजाय शांति का रास्ता चुनना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story