उड़ान के दौरान रायनएयर के बोइंग विमान की खिड़की टूटने से यात्री घायल, जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now
उड़ान के दौरान रायनएयर के बोइंग विमान की खिड़की टूटने से यात्री घायल, जांच जारी


एथेंस/बर्लिन, 11 जुलाई (हि.स.)। ग्रीस से जर्मनी जा रही रायनएयर के बोइंग 737 विमान की उड़ान के दौरान खिड़की टूटने की घटना सामने आई है। हादसे में खिड़की के पास बैठा एक 61 वर्षीय यात्री घायल हो गया। एयरलाइन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान सुरक्षित रूप से वापस हवाई अड्डे पर उतारा गया, जबकि खिड़की टूटने के कारणों की जांच की जा रही है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही फ्लाइट एफआर1879 में हुई, जिसका संचालन माल्टा एयर द्वारा रायनएयर के लिए किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद विमान में तकनीकी समस्या आई। कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इंजन से निकले मलबे का एक टुकड़ा विमान के फ्यूज़लेज से टकराया और इससे केबिन की एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई।

रिपोर्टों के अनुसार, खिड़की के पास बैठे सर्बिया के 61 वर्षीय यात्री को तेज हवा और दबाव में बदलाव के कारण चोटें आईं। विमान के उतरने के बाद उन्हें सदमे की स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि उन्होंने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिससे वे विमान के बाहर नहीं गिरे। रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि उनकी पत्नी ने उनके पैर पकड़ लिए और अन्य यात्रियों की मदद से उन्हें सुरक्षित अंदर खींच लिया गया।

घटना के बाद विमान के केबिन में अफरातफरी मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में क्षतिग्रस्त खिड़की दिखाई दे रही है। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि केबिन का दबाव कम होने के कारण ऑक्सीजन मास्क स्वतः नीचे आ गए।

रायनएयर ने अपने बयान में कहा कि शुक्रवार सुबह थेसालोनिकी से मेमिंगेन जा रही उड़ान टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद यात्री की खिड़की टूटने के कारण सुरक्षित रूप से थेसालोनिकी लौट आई। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की और कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने भी घटना की जानकारी होने की पुष्टि करते हुए कहा कि वह रायनएयर के संपर्क में है। फिलहाल खिड़की टूटने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story