बर्लिन ने तुर्किये में डॉयचे वेले संवाददाता की दोबारा गिरफ्तारी पर जताई नाराजगी
बर्लिन, 22 जुलाई (हि.स.)। जर्मनी ने तुर्किये में डॉयचे वेले के संवाददाता अलीजान उलुदाग की दोबारा गिरफ्तारी पर कड़ी नाराजगी जताई है। जर्मन सरकार ने कहा कि इस कार्रवाई से वह बेहद परेशान और चिंतित है तथा इसे प्रेस की स्वतंत्रता के सिद्धांतों के खिलाफ बताया है।
तुर्किये के अभियोजक कार्यालय ने मंगलवार को अलीजान उलुदाग को नफरत और शत्रुता भड़काने तथा भ्रामक जानकारी सार्वजनिक रूप से फैलाने के आरोप में दोबारा हिरासत में लिया था। हालांकि, बुधवार को अंकारा की एक अदालत ने उन्हें न्यायिक निगरानी की शर्तों के साथ रिहा कर दिया। अदालत ने उन पर विदेश यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जर्मन सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि तुर्किये की यह कार्रवाई प्रेस की स्वतंत्रता के उस सिद्धांत का उल्लंघन है, जिसका पालन करने का उसने यूरोप की परिषद की सदस्यता और यूरोपीय मानवाधिकार कन्वेंशन पर हस्ताक्षर के माध्यम से वादा किया है।
जर्मनी ने तुर्किये से स्वतंत्र पत्रकारिता का सम्मान करने और मीडिया कर्मियों को बिना किसी अनुचित दबाव के अपना काम करने देने की अपील की है। यह मामला दोनों देशों के बीच मानवाधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर जारी चिंताओं को एक बार फिर उजागर करता है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

