इजराइल में एकता सरकार के पक्ष में बेनेट, आइजेनकोट को प्रधानमंत्री बनाने का सुझाव

WhatsApp Channel Join Now

यरुशलम, 23 नवंबर (हि.स.)। इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री और ‘ब’याचाद’ पार्टी के अध्यक्ष नफ्ताली बेनेट ने लिकुड पार्टी के साथ राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने का समर्थन किया है। उन्होंने प्रस्ताव दिया है कि ऐसी सरकार में ‘याशर’ पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजेनकोट को पहले प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जाए और बाद में प्रधानमंत्री पद का नेतृत्व बदला जाए।

बेनेट ने नेसेट में सैनिकों के एक समूह से बातचीत के दौरान कहा कि फिलहाल इजराइल में सरकार गठन के तीन संभावित विकल्प हैं। इनमें पहला अरब दलों के समर्थन पर निर्भर सरकार, दूसरा अति-रूढ़िवादी यहूदी दलों के समर्थन वाली सरकार और तीसरा आइजेनकोट के नेतृत्व वाले राजनीतिक गठबंधन तथा लिकुड के बीच एकता सरकार है। तीसरे विकल्प में प्रधानमंत्री पद के लिए बारी-बारी से नेतृत्व की व्यवस्था होगी।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता तीसरा विकल्प है, जिसमें आइजेनकोट पहले प्रधानमंत्री बनें। हालांकि, बेनेट ने यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रधानमंत्री पद के अगले कार्यकाल में किसे यह जिम्मेदारी मिलेगी।

बेनेट ने कहा कि देश को ऐसी सरकार की जरूरत है, जिसमें सभी प्रमुख नेता इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) में सैन्य सेवा का समर्थन करते हों और जिनके अपने बच्चे भी सेना में सेवा दे रहे हों। उन्होंने कहा कि जो लोग एक ही टैंक में साथ काम कर सकते हैं, वे देश का संचालन भी मिलकर कर सकते हैं।

बेनेट ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से करीब दो घंटे तक मुलाकात की थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस बैठक से पहले उन्होंने आइजेनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन में अपने सहयोगियों को इसकी जानकारी नहीं दी थी। हालांकि, इसके बाद बेनेट ने नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने की संभावना से इनकार करते हुए आइजेनकोट के नेतृत्व में लिकुड को शामिल कर एकता सरकार बनाने के अपने समर्थन को दोहराया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story